दिल्ली में इंडिया गेट के पास ट्रैक्टर जलाने के मामले में पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की बढ़ी मुश्किल, पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना के बाद युवा कांग्रेस ने ट्वीट किया था कि ‘शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आज पंजाब युवा कांग्रेस ने गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए इंडिया गेट पर किसानों के साथ ट्रैक्टर आग के हवाले किया और प्रदर्शन किया।

कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में इंडिया गेट पर एक ट्रैक्टर को आग लगाने के मामले में पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की मुश्किल बढ़ गई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लो को हिरासत में ले लिया है। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया था।
इसके अलावा एक इनोवा कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया था। पुलिस कमिश्नर(नयी दिल्ली) ईश सिंघल ने के मुताबिक, जिन लोगों को सोमवार को हिरासत में लिया गया था उनकी पहचान मनजोत सिंह (36), रमनदीप सिंह (28), राहुल (23), साहिब (28) और सुमित (28) के तौर पर हुई है। ये सभी पंजाब के निवासी हैं। इससे पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह इंडिया गेट पर एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया था।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा था कि संगठन की पंजाब इकाई के कार्यकर्ताओं ने कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर को आग लगाई। युवा कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा था कि ‘शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आज पंजाब युवा कांग्रेस ने गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए इंडिया गेट पर किसानों के साथ ट्रैक्टर आग के हवाले किया और प्रदर्शन किया।
इस घटना को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसने प्रचार पाने और किसानों को गुमराह करने के लिए जो नाटक किया उससे देश शर्मिंदा हुआ है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि जिस तरह से प्रदर्शन हुआ, ट्रैक्टर को ट्रक के जरिए पहले यहां लाया गया और फिर उसे आग लगाई गई, यह निंदनीय है।
जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति करने की कोशिश कर रही है और उसके चेहरे से नकाब हट गया है। उसने ये नाटक प्रचार के लिए किया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह के नाम पर किसान की आज़ादी का विरोध करना और किसान का ही ट्रैक्टर जलाना। कांग्रेस का यह षड्यंत्र भी दिल्ली के राजपथ पर बेनकाब हो गया।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।