India Gate Jantar Mantar March: रविवार को दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स, पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही 5000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। इसके अलावा ड्रोन की भी तैनाती की गई और बैरिकेडिंग भी की गई है।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है।

पिछले तीन दिनों से जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं और दिल्ली पुलिस ने इसे लेकर बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में भी लिया है।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को दो मार्च निकालने का ऐलान किया गया है। पहला मार्च दोपहर 3 बजे, इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक निकाला जाएगा। इसे सिटीजंस मार्च का नाम दिया गया है और शाम 5 बजे भारतीय युवा कांग्रेस ने भी मार्च निकालने का ऐलान किया है।

पुलिस ने की मल्टीलेवल बैरिकेडिंग

मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर मल्टीलेवल बैरिकेडिंग लगाई गई है। पुलिस ने आसपास के सभी इलाकों में जाने पर रोक लगा दी है। पुलिस ने टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड, संसद मार्ग और केरल भवन की ओर रास्तों से आने-जाने पर भी रोक लगा दी है। अशोका रोड और सी-हेक्सागन रोड के पास भी बैरिकेड लगाए गए हैं।

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन निगरानी की भी तैयारी की है। भीड़ की स्थिति और कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस की गाड़ियों और पीसीआर वैन को भी प्रमुख रास्तों पर तैनात किया गया है।

प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग और मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं।

एसआईआर में गड़बड़ियों का आरोप

इससे पहले दिल्ली में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) तथा अन्य राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे।

प्रदर्शनकारियों ने वोटर लिस्ट के एसआईआर में गड़बड़ियों और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर सीईसी ज्ञानेश कुमार की आलोचना की और उनका इस्तीफा मांगा। दिल्ली पुलिस ने 700 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।

यह भी पढ़ें- ‘10 से ज्यादा लोग हैं तो उठा लो…’

गांधी जयंती के दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर वोटर लिस्ट के एसआईआर में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पहले से ही अलर्ट थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।