लेफ्ट समर्थित छात्र संगठन AISA की प्रमुख नेहा बोरा ने मंदिर के पुजारियों पर विवादित टिप्पणी की है। इसके बाद नेहा बोरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। नेहा बोरा ने कहा था कि महिलाओं को ब्राह्मणवादी व्यवस्था से सुरक्षा की जरूरत है और मंदिरों के अंदर पुजारी दुष्कर्म करते हैं। सुप्रीम कोर्ट की वकील अमिता सचदेवा ने संसद मार्ग थाने में नेहा बोरा के खिलाफ शिकायत दी है।

अमिता सचदेवा ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “नेहा बोरा के खिलाफ नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के SHO के पास एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत उनके द्वारा दिए गए उन व्यापक सार्वजनिक बयानों को लेकर है, जिनमें उन्होंने आरोप लगाया है कि मंदिरों के अंदर पुजारियों द्वारा महिलाओं का बलात्कार किया जाता है। धार्मिक कार्यों से जुड़े लोगों के पूरे समुदाय के खिलाफ इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना और व्यापक आरोप सांप्रदायिक अशांति पैदा कर सकते हैं, समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा दे सकते हैं और सार्वजनिक शांति को भंग कर सकते हैं।”

नेहा बोरा को अपनी सीमाओं को समझना होगा- अमिता सचदेवा

अमिता सचदेवा ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक संवैधानिक अधिकार है, न कि गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ बयान देने का कोई लाइसेंस है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस अधिकार का उपयोग करते हैं, उन्हें कानून द्वारा तय की गई सीमाओं के भीतर रहना चाहिए और अपने शब्दों के लिए जवाबदेह होना चाहिए। अमिता सचदेवा ने कहा कि उन्हें (नेहा बोरा) अपनी सीमाओं को समझना होगा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता असीमित नहीं है। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

बीजेपी ने साधा निशाना

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि नेहा बोरा राहुल गांधी से प्रेरणा लेती हैं। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदू मंदिरों में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ होती है। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए प्रदीप भंडारी ने नेहा बोरा की उन पिछली टिप्पणियों के लिए उनकी आलोचना की, जिनमें उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश की अशांति दुनिया भर में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

प्रदीप भंडारी ने कहा, “इससे राहुल गांधी के पूरे इकोसिस्टम में मौजूद हिंदू-विरोधी मानसिकता का पता चलता है। नेहा बोरा राहुल गांधी से प्रेरणा लेती हैं, जिन्होंने कभी दावा किया था कि मंदिरों के अंदर लड़कियों के साथ छेड़छाड़ होती है और वह बांग्लादेश के इस्लामवादियों से भी प्रभावित हैं। यह साफ है कि राहुल गांधी के पूरे इकोसिस्टम का मकसद कभी भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना नहीं रहा है। उनका असली इरादा अराजकता फैलाना और हिंदुओं के प्रति नफरत रखना है। वे शरजील इमाम जैसे आतंकी आरोपों का सामना कर रहे लोगों के मामले में चुप रहते हैं। उन्होंने पहले भी हिंदुओं की तुलना तालिबान से की है। उन्होंने 26/11 के आतंकी हमलों को भी ‘RSS की साजिश’ करार दिया था।”

यह भी पढ़ें- ‘कृपया भारत के लोगों को बख्श दीजिए’

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के बाद दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।