Lehra Do Tiranga Protest Connaught Place Delhi: दिल्ली पुलिस ने दिल्ली हाई कोर्ट को भरोसा दिया है कि वह कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ कार्रवाई करेगी। अदालत एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

याचिका में चिंता जताई गई थी कि 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में सीजेपी के द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से इस इलाके में व्यावसायिक गतिविधियां बाधित हो सकती हैं।

अदालत दिल्ली के रहने वाले अनिल कुमार गुप्ता की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। गुप्ता ने कहा कि वह छोटे व्यापारियों की ओर से यह बात रख रहे हैं। ये वे लोग हैं जिनका कारोबार जंतर-मंतर के इलाके और उसके आसपास लगातार होने वाले विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों की वजह से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

अदालत ने गौर किया कि अभिजीत दीपके को जनहित याचिका की कॉपी पहले ही दे दी गई थी। याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि दीपके गुरुवार को अदालत में पेश नहीं हुए थे।

अदालत ने क्या कहा?

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (एसीजे) नितिन साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की बेंच ने अपने आदेश में कहा, “इस मामले में पूछने पर, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) ने आश्वासन दिया कि याचिकाकर्ता की चिंताओं का ध्यान रखा जाएगा। प्रतिवादी नंबर 6 (कॉकरोच जनता पार्टी) की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं… कानून के अनुसार इस मामले में हर संभव कदम उठाया जाएगा। इस रिकॉर्ड पर ले लिया गया है।”

याचिकाकर्ता की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन पुरी और दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए एएसजी चेतन शर्मा ने कहा कि न केवल अभिजीत दीपके बल्कि उनके साथियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

याचिकाकर्ताओं ने क्या कहा?

एएसजी चेतन शर्मा ने कहा, “हो सकता है कि यह कानून से बचने की कोई और चालाकी भरी योजना हो। आदेश में ‘प्रतिवादी नंबर 6 और उनके साथियों’ का जिक्र होना चाहिए, क्योंकि वे कह सकते हैं कि ‘ठीक है, मुझ पर रोक (इंजंक्शन) लगी है लेकिन मेरे सहयोगी (प्रदर्शन) जारी रखेंगे’।” वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन पुरी ने कहा, “विशेष रूप से (सीजेपी) और उनके साथियों को रोका जाना चाहिए ताकि कल हमारे पास ‘क्रिमिनल अवमानना’ का मामला हो।” हालांकि एसीजे नितिन साम्ब्रे ने टिप्पणी की कि प्रतिवादी 6 यानी सीजेपी को शामिल करने का मतलब है कि इसमें उनके पदाधिकारी और अन्य लोग भी शामिल होंगे।

इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन पुरी ने कहा, “मैं कनॉट प्लेस में कल होने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए विशेष निर्देश चाहता हूं क्योंकि यह कोई निर्धारित विरोध स्थल नहीं है… कनॉट प्लेस के बीचों-बीच एक अवैध विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।” उनकी बात पर एसीजे नितिन साम्ब्रे ने कहा, “आप और क्या उम्मीद करते हैं? उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए डी-नोटिफिाई कर दिया है।”

सचिन पुरी ने तर्क दिया कि अब बात जंतर-मंतर की नहीं है बल्कि इस बात की है कि कनॉट प्लेस में विरोध प्रदर्शन से कितनी अव्यवस्था होगी। सचिन पुरी ने कहा, “यह त्योहारों वाला वीकेंड है, लोग बाहर निकलेंगे… दशहरा (आर्थिक रूप से) बीत चुका है, यह हिंदुओं के प्रमुख त्योहारों में से एक है।”

एसीजे साम्ब्रे ने दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए एएसजी चेतन शर्मा से पूछा, “क्या उनकी यह आशंका सही है कि आप कल अपनी जिम्मेदारियों को नहीं निभाएंगे?” इस पर एएसजी चेतन शर्मा ने जवाब दिया, “अगर कुछ लोगों को लगता है कि वे दिल्ली की नब्ज दबाकर अराजकता फैला सकते हैं… आशंका यह है कि जिस तरह की अराजकता, गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गई हैं, इसे देखते हुए डर है कि 16 तारीख को भी ऐसा ही कुछ हो सकता है। इसके अलावा, उन्हें शायद इस बात की भी चिंता है कि लगभग 15 लाख कारोबारियों का आर्थिक भविष्य प्रभावित हो रहा है, जो उनके लिए बर्बादी का कारण बन सकता है।”

बेंच ने फिर से एएसजी शर्मा से पूछा, “याचिकाकर्ता का कहना है कि आपने प्रतिवादी नंबर 6 के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है?” इस पर एएसजी शर्मा ने जवाब दिया कि हम ऐसा करेंगे।

अदालत ने अपने आदेश में पुलिस के इस आश्वासन को दर्ज किया कि विरोध प्रदर्शन से पहले सीजेपी के खिलाफ कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

“लहरा दो तिरंगा” का आह्वान

अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में “लहरा दो तिरंगा” अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसे देखते हुए कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले से ही दिल्ली में तैनात हैं।

दिल्ली पुलिस ने कुछ दिन पहले जंतर-मंतर को धरना प्रदर्शन के लिए निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर कर दिया था। पुलिस ने कहा है कि अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान या सीबीडी मैदान में प्रदर्शन किया जा सकता है।

कनॉट प्लेस पहुंचने की अपील

इससे पहले सीजेपी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका ने जंतर-मंतर पर पहुंचकर तिरंगा लहरा दिया था। उन्हें गिरफ्तार करने के बाद पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। इसके बाद अभिजीत दीपके ने लोगों से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की थी और प्रदर्शन में शामिल होकर तिरंगा लहराने का आह्वान किया था। दीपके ने कहा था कि राष्ट्रीय ध्वज लहराना एक लोकतांत्रिक अधिकार है। सीजेपी ने शुक्रवार शाम को पांच बजे अन्य शहरों में भी तिरंगा मार्च करने का आह्वान किया है।

यह भी पढ़ें- ‘अरे क्यों देश को खराब कर रहा है भाई…’

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। दीपके अपने साथियों सौरव दास, अजिंक्य शिंदे और आशुतोष रांका से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।