पिछले कई महीनो से दिल्ली के स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को बम की धमकी के मामले में आखिरकार पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूरु से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिस पर देशभर के स्कूलों, उच्च न्यायालयों और सरकारी कार्यालयों को 1,100 से ज्यादा फर्जी बम धमकियां देने का आरोप है। अधिकारियों ने सोमवार (30 मार्च 2026) को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुइस के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, उसे शनिवार को दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया। हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट, विधानसभा और कई शैक्षणिक व सरकारी संस्थानों को धमकी भरे संदेश भेजे जाने की बढ़ती घटनाओं के बीच यह गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस ने बताया कि लुइस पोस्ट-ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई कर चुका है और बेंगलुरु का रहने वाला है। वह फिलहाल बेरोजगार है और अपनी मां के साथ रहता है। उसकी मां एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि वह मानसिक तनाव में हो सकता है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने ईमेल और बातचीत के अन्य माध्यमों के जरिए देशभर में 1,100 से अधिक धमकी भरे संदेश भेजने की बात कबूल की है।” पुलिस के अनुसार, इन धमकियों के बाद विभिन्न राज्यों में कई एफआईआर दर्ज की गई थीं।
समाचार एजेंसी भाषा
