दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह के तौर पर हटा दिया। इस पर कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्ष ने इस फैसले का विरोध किया। इसके बाद अब दिल्ली पुलिस ने सफाई दी है।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि 9 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह के तौर पर हटाया गया और विरोध-प्रदर्शन के लिए दूसरी जगहें चुनीं गईं।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा था- ASG ने दी दलील

सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस अमित महाजन के सामने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि विरोध-प्रदर्शन के लिए सही दूसरी जगहों की पहचान और उन्हें तय करने की जरूरत है।

जस्टिस अमित महाजन, इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, जिसमें जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की जगह के तौर पर हटाने से पहले वहां प्रदर्शन की इजाजत न मिलने को चुनौती दी गई थी।

एक कमेटी की सिफारिशों का हवाला भी दिया

12 अक्टूबर को पुलिस ने बताया कि उसने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए गाइडलाइंस तय करने वाले अपने पुराने आदेश में बदलाव किया और अब उस जगह को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगहों की लिस्ट से हटा दिया है। पुलिस ने आगे कोर्ट को बताया कि अब बुराड़ी ग्राउंड, रामलीला ग्राउंड और CBD मैदान को विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगहों के तौर पर चुना गया है। इस बदलाव के पीछे गृह मंत्रालय की एक कमेटी की सिफारिशों का हवाला दिया गया था।

इजाजत न देने के नियम को भी चुनौती

उदय भानु चिब ने अपनी याचिका में तय जगहों पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत न देने के नियम को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यह कदम जरूरत से अधिक है, जबकि अधिकारियों को अपनी शक्तियों का इस्तेमाल सीमित दायरे में और सिर्फ वाजिब पाबंदियों के साथ ही करना चाहिए।

इससे पहले दिन में, ASG चेतन शर्मा ने दलील दी कि उदय भानु की याचिका का बिना मतलब की हो गई है क्योंकि जंतर-मंतर को अब विरोध-प्रदर्शन की तय जगह के तौर पर मान्यता नहीं रही है।

नोटिस जारी किया जाना चाहिए- वकील सिद्धार्थ लूथरा

लेकिन उदय भानु की ओर से पेश हुए सीनियर वकील सिद्धार्थ लूथरा ने जोर देकर कहा, “यह याचिका बेअसर नहीं हुई है, अगर यह कोई चाल थी, तो इस पर बहुत कुछ कहा जा सकता है। नोटिस जारी किया जाना चाहिए और मामले पर सुनवाई होनी चाहिए। हम बेशक याचिका में बदलाव करेंगे, लेकिन मामले पर सुनवाई तो होनी ही चाहिए।”

अब याचिका का आधार ही नहीं बचा- एएसजी

ASG ने इस बात पर जोर दिया कि अब याचिका का आधार ही नहीं बचा है। उन्होंने कहा, “आज की स्थिति में, चाहे यह अच्छा हो या बुरा, हमने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की जगह के तौर पर डी-नोटिफाई कर दिया है।”

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के 9 अक्टूबर के उस आदेश का जिक्र किया जिसमें 10 अक्टूबर के विरोध-प्रदर्शन के आह्वान के चलते एहतियाती उपाय के तौर पर मेट्रो और अन्य सेवाओं को बंद करने के फ़ैसले को चुनौती दी गई थी।

ASG चेतन शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी की ओर इशारा किया जिसमें कहा गया था, “सुनवाई के दौरान यह सुझाव दिया गया था कि अब समय आ गया है कि शांतिपूर्ण और कानून सम्मत विरोध-प्रदर्शन करने वालों को बुनियादी सुविधाएँ मुहैया कराई जाएँ। इसके लिए, ऐसी जगहों की पहचान और उन्हें तय करने की जरूरत है जहाँ विरोध-प्रदर्शन के लिए जरूरी बुनियादी ढाँचा उपलब्ध कराया जा सके। सक्षम अधिकारी इस सुझाव पर विचार करें और उचित फैसला लें।”

ASG ने आगे कहा, “हमने ठीक वैसा ही किया है और अब उसी फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है।”

17 नवंबर तक कोर्ट ने मांगा जवाब

इसके बाद जस्टिस महाजन ने कहा कि अब जिस मुद्दे पर फैसला होना है, वह सिर्फ “सैद्धांतिक” (academic) है। कोर्ट ने इस पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर 17 नवंबर तक जवाब मांगा है, अब इस मामले पर अगली सुनवाई 17 तारीख को होगी।

यह भी पढ़ें: ‘फोन छीन लिए गए, वकील को मिलने नहीं दिया गया’, सौरव दास-आशुतोष रांका की हिरासत पर दिल्ली पुलिस के खिलाफ CJP का आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे समेत दूसरे नेताओं को हिरासत में मंगलवार को हिरासत में ले लिया गया। इसके कुछ घंटों बाद सीजेपी ने दावा किया है कि हिरासत में लिए गए नेताओं को वकीलों से मिलने नहीं दिया गया है। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने आरोप लगाया कि सौरव दास, आशुतोष रांका और दूसरे नेता जिन्हें जाफरपुर कलां पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया है, उन्हें अपने कानूनी प्रतिनिधियों से मिलने नहीं दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके फोन ले लिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें