दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान पर कथित तौर पर चाकू से हमला किए जाने की घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि उस मामले में कार्रवाई की जा रही है, जिसमें सीआईएसएफ के जवान पर चाकू से हमला किया गया था। घायल जवान का फिलहाल इलाज कराया जा रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर 02 अक्तूबर से जंतर-मंतर के आसपास मार्च और विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति नहीं होने के बावजूद शुक्रवार से लेकर रविवार तक जंतर-मंतर के पास जमा होने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

रविवार को ही आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा समेत 120 लोगों को हिरासत में लिया गया था। इस बीच रविवार को तीन महिला पत्रकारों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनका यौन उत्पीड़न हुआ है।

दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि उसे महिला पत्रकारों की ओर से तीन अलग-अलग शिकायतें मिली हैं। इन पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस ने कहा कि इन मामलों की जांच अपराध शाखा कर रही है और शिकायतों में लगाए गए आरोपों की सच्चाई की पुष्टि की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को महिला पत्रकारों के बयान दर्ज किए गए। प्रदर्शन स्थल की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त नेहा यादव ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू किए जाने की जानकारी दे दी गई थी। इस धारा के तहत पहले से लिखित अनुमति के बिना पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने, प्रदर्शन करने और ऐसी अन्य गतिविधियों पर रोक होती है।

पुलिस आयुक्त ने कहा था कि शनिवार को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने के लिए कहा था। जब उन्होंने वहां से जाने से इनकार कर दिया, तभी पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें-जंतर-मंतर पर तीन महिला पत्रकारों के साथ कथित यौन उत्पीड़न मामले की क्राइम ब्रांच करेगी जांच, पुलिस अधिकारी पर लगे आरोप

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर तीन महिला पत्रकारों के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न के मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। यह जानकारी पुलिस की ओर से रविवार को दी गई। इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक IPS रैंक के अधिकारी पर आरोप लगा है। प्रदर्शनकारी उस ऑफिसर पर FIR की मांग कर रहे हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।