मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन में तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उस पुलिस अधिकारी पर FIR की मांग को लेकर विरोध दर्ज करा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सोमवार सुबह हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उन तीन महिला पत्रकारों समेत 17 लोगों को हिरासत में ले लियाहै।

दिल्ली पुलिस के IPS रैंक के अधिकारी पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर FIR दर्ज करने की मांग के साथ प्रदर्शनकारी रातभर से संसद मार्ग थाने के सामने डटे हुए थे। रातभर तो पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया, लेकिन सोमवार की सुबह पुलिस ने 17 लोगों को हिरासत में ले लिया।

डिटेन कर दिल्ली कैंट थाने ले गई पुलिस

संसद मार्ग थाने के सामने धरना देने वाले प्रदर्शनकारियों में फ्रीलांस पत्रकार, यूट्यूबर और एक कथित पीड़ित शामिल थे जिन्हें एक-एक करके बस में दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन ले जाया गया। महिला ने मीडिया को बताया कि वे पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत का स्टेटस जानना चाहते थे।

‘नई दिल्ली जिले में धारा 163 लागू’

इस कार्रवाई को लेकर एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पूरे नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट में धारा 163 लगाई हुई है। अधिकारी ने कहा है, “लोगों को पार्लियामेंट स्ट्रीट पर इकट्ठा होने की इजाजत नहीं थी, क्योंकि यह प्रोटेस्ट के लिए तय जगह नहीं है। उन्हें हिरासत में लिया गया और पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां से उन्हें जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा।”

DCP नेहा यादव ने क्या बताया?

इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस नेहा यादव ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों को सेक्शन 163 लागू होने के बारे में बताया गया था, जिसके तहत बिना पहले से लिखी हुई इजाजत के पांच या उससे ज़्यादा लोगों का इकट्ठा होना, प्रदर्शन और दूसरी गतिविधियां मना हैं। उन्होंने कहा था कि शनिवार को पुलिसवालों ने तभी कार्रवाई की जब प्रदर्शनकारियों ने, जिन्हें मौके से जाने का निर्देश दिया गया था, जाने से मना कर दिया।

नेहा यादव ने आगे कहा कि शनिवार को दिन में तीन कथित महिला पत्रकारों ने हिरासत के दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायतें ले ली गईं। उनका मेडिकल चेकअप हुआ और सभी शिकायतें क्राइम ब्रांच को भेज दी गईं।

पुलिस ने क्राइम ब्रांच को सौंपी है मामले की जांच

महिला पत्रकारों के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी उस पुलिस अधिकारी पर FIR दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। रविवार को पुलिस ने कहा कि उसे महिला पत्रकारों से तीन अलग-अलग शिकायतें मिली हैं, जिन्होंने आरोप लगाया है कि 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर के पास विरोध प्रदर्शन को कवर करते समय पुलिसवालों ने उनके साथ यौन उत्पीड़न किया था। पुलिस ने कहा कि क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है और तथ्यों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: ‘गुंडों के मन में डर पैदा करे पुलिस’, महिला सुरक्षा को लेकर सख्त सुप्रीम कोर्ट; केंद्र और दिल्ली पुलिस से प्रभावी कदम उठाने को कहा

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की घटना को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सख्त रुख अपनाते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को एक खास संदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि महिलाएं रात को 10 बजे भी सुरक्षित महसूस कर सकें। यहां पढ़ें पूरी खबर…