Delhi-NCR Weather Forecast: राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। बुधवार को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिससे लोग बेहाल नजर आए। दूसरी ओर झुलसाती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एनसीआर के लोगों के लिए राहत का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, गुरुवार (11 जून) से मानसून-पूर्व (Pre-Monsoon) गतिविधियों में तेजी आने वाली है, जिससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

IMD ने जारी किया ‘येलो अलर्ट’

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, रात के समय दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तेजी से चढ़ता है, तो अक्सर इसके बाद एक मजबूत मानसून-पूर्व मौसम तंत्र (Weather System) सक्रिय हो जाता है, जिसके कारण आंधी और तेज बारिश की परिस्थितियां बनती हैं।

हल्की बूंदाबांदी का अनुमान

‘स्काईमेट वेदर’ के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन के विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से इस क्षेत्र में तेज हवाएं चल रही हैं और हल्की बूंदाबांदी का दौर देखा जा रहा है।

उन्होंने अनुमान जताया है कि 11 जून से मानसून-पूर्व गतिविधियां काफी मजबूत होंगी, जिससे न केवल दिल्ली बल्कि हरियाणा और पंजाब में भी अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। इस बारिश के कारण अगले कुछ दिनों में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: मुंबई के पास सिर्फ 45 दिन का पानी, अलर्ट मोड में बीएमसी, कम बारिश के अनुमान ने बढ़ाई चिंता

मुंबई में पानी की कमी की आशंका को देखते हुए बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) फिर से अपनी योजनाओं पर काम कर रही है। जल टैंकरों की निगरानी बढ़ाई जा रही है और लोगों से पानी बचाकर इस्तेमाल करने की अपील की जा रही है। इसकी वजह आईएमडी (मौसम विभाग) का नया अनुमान है, जिसमें कहा गया है कि इस साल देश में सामान्य से कम यानी औसत बारिश का लगभग 90% ही बारिश होने की संभावना है। पढ़िए पूरी खबर…