दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। सोमवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दिन में करीब 11 बजे के आसपास दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश होने लगी। दोपहर में अंधेरे जैसी स्थिति बन गई है। दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए ऑरेंज और कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किए हैं। नोएडा और गाजियाबाद में भी भारी बारिश हो रही है।
कई इलाकों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली के साउथ ईस्ट दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, शाहदरा, सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली में आंधी तूफान के तहत तेज बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं साउथ वेस्ट दिल्ली, साउथ दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली में मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली से 15 उड़ानें डायवर्ट
दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जल भराव की भी स्थिति पैदा हुई है। साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट से 15 उड़ानों को डायवर्ट भी किया गया है। बारिश के कारण किसी को ऑफिस पहुंचने में तो किसी को एयरपोर्ट पहुंचने में देरी हुई। दिल्ली से जयपुर जाने वाली 12 उड़ानें, चंडीगढ़ जाने वाली दो उड़ानें और लखनऊ जाने वाली एक उड़ान को डायवर्ट किया गया है।
दिल्ली एनसीआर में दोपहर 1 बजे तक जनकपुरी में 67 मिमी, गुरुग्राम में 52 मिमी, छतरपुर में 57 मिमी, पीतमपुरा में 35 मिमी मीटर और सफदरजंग में 29 मिमी बारिश हुई है। दिल्ली के संगम विहार इलाके में भारी बारिश से सड़कों पर काफी अधिक जलभराव हो गया, जिसके कारण लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
24 अगस्त तक दिल्ली के सफदरजंग स्थित प्राथमिक मौसम केंद्र ने 12 दिनों में 246.2 मिमी बारिश दर्ज की है, जो शहर के अगस्त महीने के औसत 226.8 मिमी बारिश से अधिक है। लगातार बारिश के बाद सफदरजंग ने आधिकारिक तौर पर 14 अगस्त को इस आंकड़े को पार कर लिया था। हालांकि शुरुआती रिकॉर्ड से पता चलता है कि यह सीमा 8 अगस्त को ही पार हो गई थी, लेकिन 6 अगस्त को आईएमडी ने गलती में किये गए सुधार के बाद आंकड़ा घटकर 197.2 मिमी हो गया।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में 25 अगस्त को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा सुबह से ही बादल छाए रहने की भी संभावना जताई गई है। दिल्ली एनसीआर के अलावा मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 अगस्त के लिए हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही लोगों को गर्मी से भी राहत मिलेगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 25 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 24 से 26 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं आंधी तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 27 अगस्त को तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें- ‘तीन महीने में चीनी 48 से बढ़कर 67 रुपये प्रति किलो हो गयी…’,
कांग्रेस ने कहा है कि करीब 25 लाख टन चीनी बनाने लायक गन्ना एथनॉल उत्पादन में चला गया, जिसकी वजह से पिछले तीन महीनों में चीनी की कीमत 48 रुपये से बढ़कर 67 रुपये प्रति किलोग्राम और गुड़ की कीमत 50 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
