Delhi-NCR Mai Kal Ka Mausam Kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की दस्तक के साथ ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पिछले लगभग दो दिनों से राजधानी दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भारी बारिश हुई है। इसके चलते लोगों को एक तरफ जहां भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है, तो दूसरी ओर जलभराव और यातायात संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ा है।
गुरुवार को भी तगड़ी बारिश हुई थी। ऐसे में क्षेत्र के लोगों में सवाल यह भी है कि क्या शुक्रवार को भी बारिश होगी, या सूरज नजर आएगा। इसको लेकर मौसम विभाग ने अपना पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की वजह से अभी राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम को देखते हुए ही गाजियाबाद में डीएम के आदेश पर 10 जुलाई को स्कूल बंद रहेंगे।
शुक्रवार, 10 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम ?
IMD ने 10 जुलाई के मौसम से संबंधित पूर्वानुमान जारी कर दिया है, जिसमें बारिश का जिक्र केंद्र में है। किस शहर में मौसम का कैसा होगा? इसे IMD के पूर्वानुमान से समझा जा सकता है।
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा: दिल्ली में मानसून की सक्रियता अच्छी बनी रहेगी और ज्यादातर इलाकों में 51 से लेकर 75 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस शुक्रवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
गाजियाबाद का मौसम कैसा रहेगा: IMD के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश में मानसून काफी अधिक सक्रिय रहेगा और अधिकांश स्थानों पर लगभग 76 से 100 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। गाजियाबाद और इसके आस-पास के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
नोएडा का मौसम कैसा रहेगा: आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, गाजियाबाद में भी 10 जुलाई शुक्रवार को भारी बारिश की संभावना है। नोएडा में मानसून पूरी तरह मेहरबान रहने का अनुमान है। क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में व्यापक रूप से वर्षा दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इस भारी बारिश के चलते लोगों को जिसके चलते जलभराव या यातायात में थोड़ी परेशानी हो सकती है।
IMD वैज्ञानिक बोले- पूरे देश में सक्रिय मानसून
मौसम अपडेट पर आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश ने ANI से बातचीत में कहा, “मानसून अब पूरे देश को कवर कर चुका है। इसका कारण यह है कि कुछ दिन पहले बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। वर्तमान में यह दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र है। आज (गुरुवार) उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना है।”
डॉक्टर नरेश ने यह भी कहा, “उत्तराखंड में गुरुवार और शुक्रवार अत्यधिक भारी वर्षा होने की आशंका है। दिल्ली-एनसीआर के लिए आज भारी वर्षा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।”
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
इसके अलावा मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश, और बिहार तक के कई क्षेत्रों में गुरुवार रात और शुक्रवार को हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके अलावा इन प्रदेशों के कुछ विशिष्ट इलाकों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
यह भी पढ़ें: बारिश कैसे मापते हैं? गाजियाबाद के कमला नेहरु नगर में 100 मिमी से ज्यादा बारिश, जानिए क्या है इसका मतलब
दिल्ली एनसीआर में बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश की वजह से एनसीआर के बहुत सारे इलाकों में लोग जलभराव की स्थिति का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर इलाके में बीते 24 घंटों (गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) में 164 मिमी और हिंडन इलाके में 134 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के देखते हुए गाजियाबाद जिले के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। पढ़िए पूरी खबर…
