दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार दोपहर को जबरदस्त बारिश हुई और दिन में ही अंधेरा छा गया। गर्मी से जूझ रहे लोगों को निश्चित रूप से इससे राहत मिली है लेकिन सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से वाहनों की कतार लग गई है।
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में मौसम ने जबरदस्त करवट ली और इस वजह से तापमान काफी नीचे गिर गया। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में येलो अलर्ट के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बारिश और आंधी तूफान से बचने के लिए लोग सड़कों के किनारे इकट्ठा हो गए।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए आज और कल यानी 4 और 5 जून को ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से ट्रैफिक धीमा हो गया है।
मानसून ने केरल में दी दस्तक
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल में दस्तक दे दी है। इससे पहले मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंचेगा।
राजस्थान में भी बारिश और आंधी
राजस्थान के पूर्वी व पश्चिमी हिस्सों के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान धूलभरी आंधी और गरज के साथ तेज हवा भी चली। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा जिले के सांगोद में सबसे अधिक 28 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा हुई।
