दिल्ली-एनसीआर के कमर्शियल वाहन चालक गुरुवार से 23 मई (शनिवार) तक तीन दिन की हड़ताल पर हैं। यह हड़ताल ऑटो और टैक्सी किराए में तुरंत बढ़ोतरी की मांग को लेकर की जा रही है। हड़ताल की वजह ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतें और ऐप-आधारित कैब एग्रीगेटर्स द्वारा कथित रूप से आर्थिक शोषण बताया जा रहा है।
क्यों है आज दिल्ली-एनसीआर में हड़ताल?
‘चालक शक्ति यूनियन’ ने दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और पुलिस आयुक्त को लिखे एक पत्र में कहा है कि यह हड़ताल ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस द्वारा घोषित राष्ट्रव्यापी आंदोलन के समर्थन में है। पत्र के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में टैक्सी किराए पिछले लगभग 15 वर्षों से नहीं बढ़े हैं जबकि इस दौरान CNG, पेट्रोल और डीजल जैसी ईंधन की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही रखरखाव, बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और अन्य दैनिक खर्चों में भी बढ़ोतरी हुई है।
Delhi-NCR Auto Taxi Strike LIVE: ऑटो के किराए में वृद्धि की मांग
यूनियन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह हड़ताल 'वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम), अदालतों और दिल्ली सरकार द्वारा परिवहन क्षेत्र पर थोपी गई अन्यायपूर्ण और अनुचित नीतियों' के विरोध में की गई है। दूसरी ओर, दिल्ली में वाणिज्यिक वाहन चालकों के संघों ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने ईंधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर टैक्सी और ऑटो के किराए में वृद्धि की भी मांग की है।
किसने बुलाई थी हड़ताल?
ट्रक चालकों, निजी बसों, टैक्सी और मैक्सी कैब संचालकों की सर्वोच्च संस्था 'ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस' (एआईएमटीसी) ने मंगलवार को एक बैठक में इस हड़ताल का आह्वान किया था। यह हड़ताल 23 मई तक जारी रहेगी।
Delhi-NCR Auto Taxi Strike LIVE: 21, 22 और 23 मई को ‘चक्का जाम’
चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने कहा कि CNG, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण मध्यमवर्गीय ड्राइवरों के लिए अपने परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा, “इसी वजह से दिल्ली के अन्य संगठनों के साथ मिलकर ‘चालक शक्ति यूनियन’ ने 21, 22 और 23 मई को ‘चक्का जाम’ का आह्वान किया है और वाहन न चलाने की अपील की है।”
Delhi-NCR Auto Taxi Strike LIVE: 21 से 23 मई तक तीन दिवसीय हड़ताल
दिल्ली: आनंद विहार टर्मिनल का नज़ारा जहां टैक्सी और ऑटो यूनियनों ने बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच किराए में तत्काल बढ़ोतरी की मांग को लेकर 21 से 23 मई तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है।
Delhi-NCR Auto Taxi Strike LIVE: चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा- यूनियन
यूनियन ने कहा, ''हमारी मांग है कि दिल्ली सरकार ऑटो और टैक्सी के किराये में बढ़ोतरी करे। सीएनजी की कीमतों में वृद्धि से चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। सरकार अन्य मांगों को पूरा करने में भी विफल रही है जिससे चालकों का शोषण हो रहा है।"
Delhi-NCR Auto Taxi Strike LIVE: ECC को वापस लेने की मांग
ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने सरकार से एंट्री टैक्स (ECC) में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग की है। साथ ही उन्होंने BS-VI श्रेणी के वाहनों को ECC से छूट देने और BS-IV कमर्शियल वाहनों पर लगाए जाने वाले प्रस्तावित प्रतिबंध को रद्द करने की अपील की है।
एक हफ्ते से भी कम समय में दो बार बढ़े ईंधन के दाम
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक हफ्ते से भी कम समय में दो बार बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को जारी नवीनतम संशोधन में ईंधन के दामों में 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई।
देश के प्रमुख शहरों में कोलकाता में पेट्रोल सबसे महंगा रहा जहां इसकी कीमत 109.70 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई। वहीं चेन्नई में डीजल की सबसे अधिक कीमत 96.11 रुपये प्रति लीटर रही।
क्या सभी ऑटो और टैक्सी चालक इस हड़ताल में शामिल हैं?
हालांकि, ऑटो यूनियनों के एक वर्ग ने इस हड़ताल से खुद को अलग कर लिया है। दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ ने कहा कि यह हड़ताल मुख्य रूप से ट्रांसपोर्टरों से संबंधित है, इसलिए ऑटो रिक्शा सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
ऑटो रिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा, ''मालवाहक वाहनों से जुड़े मुद्दे पिछले 15 से 20 दिनों से चल रहे हैं और उनका ऑटो व टैक्सी चालकों से कोई संबंध नहीं है। सभी रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य स्थानों पर ऑटो और टैक्सी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।''
सोनी ने यह भी बताया कि हालांकि कुछ यूनियनों ने सड़क जाम की योजना बनाई है, लेकिन पांच अन्य यूनियनें- दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन, प्रगतिशील ऑटो रिक्शा ड्राइवर्स यूनियन, ऑटो ड्राइवर्स वेलफेयर संघ दिल्ली और नेशनल कैपिटल रीजन ऑटो टैक्सी ट्रांसपोर्ट यूनियन सहित- इस हड़ताल से अलग हो चुकी हैं।
यूनियन ने क्या चेतावनी दी है?
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द से जल्द किराए में संशोधन नहीं करती तो यह विरोध प्रदर्शन और बड़ा आंदोलन बन सकता है। यूनियन ने सरकार के साथ बैठक की भी मांग की है ताकि ड्राइवरों की समस्याओं पर चर्चा की जा सके और टैक्सी चालकों के कथित आर्थिक शोषण को रोकने के लिए नीतियां बनाई जा सकें।
Delhi-NCR Auto Taxi Strike LIVE: दिल्ली-एनसीआर में आज ऑटो-टैक्सी की हड़ताल
'ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस' ने वाणिज्यिक वाहनों पर पर्यावरण मुआवजा उपकर (ग्रीन सेस) बढ़ाने के दिल्ली सरकार के फैसले के विरोध में मंगलवार को हड़ताल का आह्वान किया है।

