दिल्ली मेट्रो एकबार सुर्खियों में है। दरअसल, इस बार एक CISF जवान को मेट्रो के अंदर लोगों ने उस वक्त घेर लिया जब वह चुपके से एक लड़की की फोटो क्लिक कर रहा था। लोगों ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया। शुरुआत में यात्रियों और जवान के बीच बहस हुई और देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना रविवार की है।

वायरल वीडियो में जवान और अन्य पैसेंजरों के बीच तीखी नोंकझोक देखी जा सकती है। इस पूरे मामले पर CISF का ऑफिशियल बयान भी आ गया है। CISF का कहना है कि मेट्रो ट्रेन में एक महिला यात्री के साथ CISF के एक कर्मचारी के कथित गलत व्यवहार का मामला सामने आया है। हमने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है और उस जवान को तुरंत सस्पेंड कर दिया है और आगे की जांच के आदेश दे दिए हैं। आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

जवान के फोन की गैलरी में मिली लड़की की फोटो

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार की है। येलो लाइन के एम्स मेट्रो स्टेशन पर यह घटना हुई। मेट्रो कोच के अंदर इस झगड़े का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ। मेट्रो पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक महिला ने आरोप लगाया कि उसने मेट्रो कोच के अंदर उसकी फोटो खींची है, जिसके बाद अन्य यात्रियों ने CISF जवान के मोबाइल को ही खंगालना शुरू कर दिया।

मेट्रो कोच के अंदर बन गई हाथापाई की नौबत

इस दौरान महिला ने भी जवान के फोन को खंगाला तो उसमें उसकी फोटो मिल गई। इसके बाद तो यात्रियों का पारा चढ़ गया और बहस हाथापाई की तरफ बढ़ गई। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रियों ने फोटो हटाने की मांग की तो बात हाथापाई तक पहुंची। जैसे-जैसे बहस बढ़ती गई CISF जवान ने कथित तौर पर कोच से निकलने की कोशिश की। पैसेंजर्स ने उसे रोका, जिससे मेट्रो के अंदर हाथापाई हो गई और इस दौरान उसने अपनी सर्विस पिस्टल भी यात्रियों की तरफ तान दी। हालांकि मेट्रो पुलिस के सूत्रों ने इस आरोप से इनकार किया और कहा कि हथियार से जुड़ी ऐसी कोई घटना नहीं हुई।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई थी

मेट्रो पुलिस के सूत्रों ने कहा कि अधिकारियों को रविवार सुबह करीब 12:40 बजे एक PCR कॉल मिली जिसमें घटना की जानकारी दी गई थी। एक महिला समेत यात्रियों ने कहा कि CISF अधिकारी बिना सहमति के उनकी तस्वीरें ले रहा था। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महिला ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। बाद में मामले की सूचना CISF अधिकारियों को दी गई।

यह भी पढ़ें: रातों रात चमकी दिहाड़ी मजदूरों की किस्मत, कोयला खदान में खुदाई के वक्त मिला 50 लाख का कीमत हीरा

रातोंरात किस्मत चमकना किसे बोलते हैं यह मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सात दिहाड़ी मजदूरों से पूछिए जिन्हें कोयला खदान में खुदाई के वक्त 17.96 कैरेट का जेम क्वालिटी का हीरा मिला है। इस हीरे की कीमत करीब 50 लाख रुपये मानी जा रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर…