बुधवार सुबह दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई है। इन 21 लोगों में से 11 विदेशी हैं। इनमें से कई मेडिकल टूरिस्ट थे और वे लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक और बांग्लादेश के रहने वाले थे।
मालवीय नगर हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे पर दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के लिए दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है।
मालवीय नगर के विधायक और पूर्व बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने बताया कि रेस्टोरेंट में आग सुबह करीब नौ बजे लगी। मालवीय नगर के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि आग सुबह करीब आठ बजे लगी। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट थी। उन्होंने बताया कि होटल में घटना के समय कम से कम पचास लोग रहे होंगे, इनमें विदेशी नागरिक भी थे। शेर खान नाम के एक स्थानीय युवक ने बताया कि आग फैलने पर होटल की ऊपरी मंजिल से लोग नीचे कूद गए। इन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने जमीन पर गद्दे बिछा दिए थे
मरने वालों में 11 विदेशी नागरिक
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मालवीय नगर हादसे में जान गंवाने वाले 21 लोगों में 11 विदेशी नागरिक हैं। इनमें से ज्यादातर मेडिकल वीजा पर भारत आए थे।
मालवीय नगर होटल अग्निकांड हृदयविदारक त्रासदी: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मालवीय नगर के एक होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को इस हादसे को 'हृदयविदारक त्रासदी' बताया और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इमारत में लिफ्ट के साथ सिर्फ एक सीढ़ी
CFO अभिलाष कुमार मलिक ने बताया - मैंने इमारत का ऊपर से नीचे तक अच्छी तरह से मुआयना किया। इस इमारत में एक बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर और ऊपर पांच मंजिलें हैं। पूरी इमारत के लिए, एक लिफ़्ट के साथ-साथ सिर्फ एक ही सीढ़ी है... इमारत को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इसका सामने का हिस्सा पूरी तरह से ढका हुआ है, और बाथरूम की खिड़कियों समेत हर एक खिड़की को मजबूती से बंद कर दिया गया है। ठीक से हवा आने-जाने या धुआं बाहर निकालने के लिए एक भी खिड़की खुली नहीं छोड़ी गई है।
मरने वालों में कांगो की नागरिक शामिल
वह भीड़भाड़ वाला इलाका, आसानी से नहीं पहुंच सकते फायर टेंडर- अतुल गर्ग
दिल्ली फायर सर्विसेज़ (DFS) के पूर्व डायरेक्टर अतुल गर्ग ने कहा- दिल्ली में हुई एक बहुत ही दुखद घटना है। यह इलाका बहुत ही भीड़भाड़ वाला है। यहां फायर टेंडर आसानी से नहीं पहुंच पाते। पानी का कोई स्रोत भी उपलब्ध नहीं है। यहां बहुत ज़्यादा अतिक्रमण हुआ है। इन सब कारणों से, इस इलाके में आग बुझाने का काम पहले से ही बहुत मुश्किल है। कई घरों में सिर्फ़ एक ही सीढ़ी है।
गोद में बच्चा लिए महिला ने तीसरी मंजिल से लगा दी छलांग
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ''एक महिला अपनी गोद में छोटे बच्चे को लेकर तीसरी मंजिल से कूद गई। उससे पहले स्थानीय लोगों ने इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए नीचे जमीन पर गद्दे बिछा दिए थे।''
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बच्चे के साथ एक गद्दे पर गिरी और उसे कुछ चोटें आई होंगी। इसके तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
LG ने आग लगने से जनहानि पर दुख जताया
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हौज रानी, मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने की घटना को लेकर मैं बहुत दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''
दिल्ली सरकार अग्निकांड के पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली के मालवीय नगर में रेस्तरां में आग लगने के कारण 21 लोगों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि दिल्ली सरकार को घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के साथ पीड़ित परिवारों को मुआवजा देना चाहिए।
41 को अस्पताल में करवाया गया भर्ती
AIIMS ने बताया कि उनके यहां 13 मरीज भर्ती करवाए गए हैं। इनमें से तीन ऊंचाई से गिरे थे और गंभीर हालात में है। पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल और मैक्स अस्पताल में 28 लोगों को भर्ती करवाया गया है।
रेखा गुप्ता सरकार में मंत्री आशीष सूद घटना का जायजा लेने के लिए मालवीय नगर पहुंचे हैं। आशीष सूद ने कहा कि हर अवैध बिल्डिंग के खिलाफ एक्शन होगा। इस बिल्डिंग के मालिक को गिरफ्तार किया जाएगा।
Malviya Nagar Fire New LIVE: मरने वालों में ज्यादातर विदेशी- सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 21 लोग मर गए, मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। अब सरकार उन लोगों पर ही दोष मढ़ रही है जिनकी आग में जलकर मौत हो गई। कितने ही लोग विदेशों से आए थे। लोग यहां अपने रिश्तेदारों के इलाज के लिए आए थे। वे सभी बेबस थे। सरकार को थोड़ी तो शर्म आनी चाहिए।
Malviya Nagar Fire LIVE: 37 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया
एक अधिकारी ने बताया कि होटल से 37 से अधिक लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनमें से 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। मारे गए लोगों में से कई मध्य एशिया और अफ्रीका के रहने वाले हैं।
Malviya Nagar Fire LIVE: जान बचान के लिए कूदे लोग
शेर खान नाम के एक स्थानीय युवक ने बताया कि आग फैलने पर होटल की ऊपरी मंजिल से लोग नीचे कूद गए। इन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने जमीन पर गद्दे बिछा दिए थे
Malviya Nagar Fire LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
पीएम नरेंद्र मोदी ने मालवीय नगर में हुए हादसे पर दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के लिए दो लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है। घायल लोगों को पचास हजार रुपये की मदद की जाएगी।
Malviya Nagar Fire LIVE: दिल्ली सरकार की घटना पर नजर
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नज़र रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। दुख की इस घड़ी में, दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है। हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Delhi Fire News LIVE: DDMA, CATS एम्बुलेंस सेवा एक्टिव
रेखा गुप्ता ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया और बचाव व राहत कार्य शुरू किए गए। उनकी त्वरित कार्रवाई की मदद से प्रभावित परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
Delhi Fire News LIVE: रेखा गुप्ता ने जताया दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने X पर पोस्ट कर कहा - मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति व साहस मिलने की प्रार्थना करता हूँ।
Delhi Fire News LIVE: रेस्टोरेंट बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था
दिल्ली के दक्षिणी जिले के SDM जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने की खबर मिलते ही DDMA सेल एक्टिवेट कर दी गईं। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था। आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है।
