मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। एक बार फिर इस घटना ने राजधानी दिल्ली के लचर नागरिक प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों की पोल एक बार फिर खोल दी है। दक्षिण दिल्ली के हौज रानी (मालवीय नगर) इलाके में स्थित ‘फ्लरिश स्टे बीएंडबी’ (Flourish Stay B&B) होटल में बुधवार, 3 जून 2026 की सुबह लगी इस भीषण आग ने 21 जिंदगियां निगल लीं। मरने वालों में 18 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं जो दिल्ली के बड़े अस्पतालों में इलाज कराने आए थे। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरी राष्ट्रीय राजधानी को झकझोर कर रख दिया है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं है, बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था, प्रशासनिक सुस्ती और नियमों को ताक पर रखकर इंसानी जिंदगियों से खिलवाड़ करने का एक और खूनी सबूत है।

किसी भी बड़े हादसे की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल ने शोक व्यक्त किया है, पुलिस ने होटल मालिक पर गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide) की धारा के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। लेकिन असल सवाल वहीं का वहीं खड़ा है- आखिर कब तक दिल्ली इस तरह सुलगती रहेगी? विवेक विहार में पिछले ही महीने 9 लोगों की मौत के बाद क्या प्रशासन ने कोई सबक लिया? आखिर कब तक प्रशासनिक नाकामी, आंकड़ों के आईने और व्यवस्था में खोट के चलते आम लोग अपनी जान गंवाते रहेंगे…

मालवीय नगर के होटल में आग

दिल्ली के आलीशान मॉल और तंग गलियों के बीच बसा मालवीय नगर का हौज रानी इलाका बुधवार की सुबह चीख-पुकार से गूंज उठा। सुबह करीब 8:30 बजे के आसपास जब लोग नींद से जाग ही रहे थे, तब ‘फ्लरिश स्टे बीएंडबी’ नामक पांच मंजिला इमारत से धुएं का ऐसा काला गुबार उठा जिसने पूरी राजधानी की साख को कालिख पोत दी। इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर ‘लेमन ग्रीन’ नामक रेस्तरां चल रहा था और ऊपर के फ्लोर पर होटल।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक 21 लोग दम तोड़ चुके थे। स्थानीय निवासियों ने हिम्मत दिखाते हुए सड़कों पर गद्दे बिछाए ताकि ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोग कूदकर अपनी जान बचा सकें। कुछ लोग कूदे, किसी के पैर टूटे तो कोई हमेशा के लिए खामोश हो गया। मरने वालों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक, सोमालिया जैसे देशों के के वे मजबूर नागरिक शामिल हैं जो मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में गंभीर बीमारियों का इलाज कराने या अपने मरीजों की तीमारदारी के लिए दिल्ली आए थे। वे क्या जानते थे कि भारत की राजधानी में वे इलाज कराने नही बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की भट्टी में जिंदा जलने आ रहे हैं।

10 साल का खूनी इतिहास: आंकड़ों के आईने में सुलगती दिल्ली

यह कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। हर दूसरे दिन आग लगने की खबरें जैसे अब आम बात हो चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले एक दशक का इतिहास गवाह है कि दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) केवल लाशें गिनने और जांच कमेटियां बनाने का काम करती हैं। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) और आधिकारिक सांख्यिकीय रिपोर्टों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पिछले वर्षों का भयावह लेखा-जोखा आपको हैरान कर सकता है।

वर्षकुल आपातकालीन कॉल (SOS Calls)हादसों में दर्ज मौतें (आगजनी व अन्य)
2010 – 201122187447
2011-2012 18143357
2012-201322581285
2014-1523242291
2015-1627089339
2016 – 201730285277
2017-1829423318
2018-1931157297
2019-2025709308
2020 – 202125000346
2021 – 202229000+591
2022 – 202331958800+
2023 – 2024330001029
202535000+1100+
2026 (1जनवरी से 3 जून तक)12000+66

दिल्ली में पिछले वर्षों के दौरान आपातकालीन कॉल और मौतें

आंकड़ों का कड़वा सच: दिल्ली फायर सर्विस के पिछले 15 वर्षों के समग्र विश्लेषण से स्पष्ट है कि विभाग को 4 लाख से ज्यादा आपातकालीन कॉल (Emergency Call) रिसीव हुईं जिनमें कुल 6611 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई। चौंकाने वाली बात यह है कि जहां आग लगने की घटनाएं लगभग स्थिर या मामूली बढ़त पर हैं। लेकिन इमारतों के अवैध निर्माण के कारण मौतों का आंकड़ा पिछले 5 वर्षों में 4 गुना तक बढ़ गया है। अकेले साल 2026 में 27 मई तक 45 लोग आग में भस्म हो चुके थे और आज जून की इस पहली बड़ी घटना ने इस संख्या को 66 पर पहुंचा दिया है।

नियमों की धज्जियां: 6 कमरों का लाइसेंस, धड़ल्ले से चल रहे थे 25 कमरे!

मालवीय नगर के इस अग्निकांड ने उस भ्रष्टाचार को पूरी तरह उजागर कर दिया है जो दिल्ली के ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (B&B) योजना और गेस्ट हाउस उद्योग में गहराई तक पसरा है। दिल्ली में किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान, विशेषकर होटल या रेस्तरां को चलाने के लिए कड़े नियम हैं लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है।

होटल और रेस्तरां के लिए लाइसेंस की जटिल (लेकिन कागजी) प्रक्रिया:

एमसीडी से हेल्थ ट्रेड लाइसेंस (Health Trade License): स्वच्छता और भवन की संरचना की जांच के बाद दिया जाता है।

दिल्ली पुलिस से ईटिंग/लॉजिंग हाउस लाइसेंस: सुरक्षा और पर्यटकों के ठहराव के नियमों के तहत अनिवार्य है।

दिल्ली फायर सर्विस से एनओसी (Fire NOC): 15 मीटर से अधिक ऊंची इमारतों या व्यावसायिक इस्तेमाल वाले भवनों के लिए अनिवार्य रूप से अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच के बाद जारी होता है।

बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) योजना के नियम: पर्यटन विभाग के तहत इस योजना का नियम है कि मालिक को स्वयं उसी घर में रहना होगा और वह अधिकतम 6 कमरे ही मेहमानों को किराए पर दे सकता है।

मालवीय नगर में कैसे हुआ नियमों का कत्लेआम?

अवैध क्षमता: ‘फ्लरिश स्टे’ के पास केवल 6 कमरों को बीएंडबी योजना के तहत चलाने की अनुमति थी लेकिन लालची मालिक ने पूरी 5 मंजिला इमारत में 25 कमरे बना रखे थे और हादसे के वक्त वहां 40 से अधिक मेहमान ठहरे हुए थे।

फायर एनओसी का अता-पता नहीं: दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, इस होटल के पास कोई फायर एनओसी (No Objection Certificate) नहीं थी।

सिंगल एग्जिट- मौत का जाल: पूरी इमारत में ऊपर जाने और नीचे आने के लिए केवल एक ही संकरा एंट्री और एग्जिट गेट था। जब ग्राउंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट हुआ तो सीढ़ियों ने चिमनी का रूप ले लिया। निकासी का कोई दूसरा रास्ता (Emergency Escape Plan) न होने के कारण ऊपरी मंजिल पर सो रहे विदेशी नागरिक कमरे के भीतर ही घुटकर मर गए।

आवासीय क्षेत्रों और बेसमेंट में कमर्शियल एक्टिविटी का ‘खूनी’ खेल

दिल्ली के मास्टर प्लान 2021 (और आगामी योजनाओं) के तहत आवासीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की भारी व्यावसायिक गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित है। मिक्स्ड लैंड यूज (मिश्रित भूमि उपयोग) के तहत केवल कुछ अधिसूचित सड़कों पर ही सीमित व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति है, वह भी तब जब भवन निर्माण योजना (Building Bye-laws) को मंजूरी मिली हो।

बेसमेंट को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) के सख्त नियम:
स्वीकृत उपयोग: बेसमेंट का इस्तेमाल केवल पार्किंग, घरेलू सामान के भंडारण (Storage) या डार्क रूम के रूप में ही किया जा सकता है।

पूर्ण प्रतिबंध: बेसमेंट में बिना वेंटिलेशन के रेस्तरां की रसोई, होटल के कमरे, कोचिंग सेंटर, या भारी कार्यालय चलाना पूरी तरह गैरकानूनी है।

अनिवार्य निकास: अगर बेसमेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल विशेष अनुमति के तहत किया भी जा रहा है तो वहां कम से कम दो अलग-अलग निकास द्वार (Exits) और पर्याप्त एयर-सर्कुलेशन सिस्टम होना अनिवार्य है।

हकीकत क्या है?

मालवीय नगर की इस घटना में भी तीन लोगों को बेसमेंट से रेस्क्यू किया गया जहां अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। दिल्ली के करोल बाग, लक्ष्मी नगर, मालवीय नगर और हौज खास जैसे रिहायशी इलाकों में लाखों बेसमेंट आज मौत के कुएं बने हुए हैं जहां ना तो वेंटिलेशन है और न ही भागने का रास्ता। लेकिन एमसीडी के अधिकारी अपनी जेबें गर्म कर इन पर आंखें मूंदे बैठे रहते हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों को रद्दी की टोकरी में डालता तंत्र

इसी साल जनवरी 2026 में, दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की पीठ ने अधिवक्ता अर्पित भार्गव की जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम को एक कड़ा निर्देश दिया था। अदालत ने स्पष्ट कहा था कि दिल्ली के सभी होटलों, क्लबों और रेस्तराओं की सुरक्षा ऑडिट की जाए और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए एक ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाए।

यह याचिका दिसंबर 2025 में गोवा के एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग (जिसमें 25 लोगों की मौत हुई थी) के संदर्भ में दायर की गई थी ताकि दिल्ली को ऐसे किसी बड़े हादसे से बचाया जा सके। अदालत ने अधिकारियों को एक समयबद्ध नीति बनाने का आदेश दिया था।

लेकिन जनवरी के बाद क्या हुआ?

अदालत के उस आदेश के बाद प्रशासन ने कुछ दिनों तक दिखावे के लिए कुछ इलाकों में नोटिस जारी किए। 156 से अधिक परिसरों की आंशिक जांच की और फिर मामला ठंडे बस्ते में चला गया। आज जून का महीना आ गया है। इस भीषण गर्मी में जब तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस को छू रहा है, ट्रांसफार्मर और एसी ब्लास्ट की घटनाएं आम हो चुकी हैं, तब भी प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेशों को धरातल पर उतारने की जहमत नहीं उठाई। परिणाम आज हमारे सामने 21 लाशों के रूप में मौजूद है।

सिस्टम से तीखे सवाल: आखिर इन मौतों का असली जिम्मेदार कौन?

जब भी कोई आग लगती है तो पूरी व्यवस्था एक ‘तय स्क्रिप्ट’ पर काम करती है। फायर ब्रिगेड कहती है कि उनके पास सूचना देर से आई या गलियां संकरी थीं, एमसीडी कहती है कि बिल्डिंग अवैध थी और वे जल्द ही सीलिंग अभियान चलाएंगे, पुलिस मालिक को गिरफ्तार कर अपनी पीठ थपथपा लेती है। लेकिन हमारे जैसे आम लोगों के जेहन में कुछ बुनियादी सवाल हैं जो इस व्यवस्था के पैरोकारों से पूछे जाने जरूरी हैं:

दिल्ली नगर निगम (MCD) से सवाल: जब एक बीएंडबी लाइसेंसधारी मकान मालिक 6 कमरों की आड़ में 25 कमरे बनाकर आलीशान होटल चला रहा था तो आपके स्थानीय बीट इंस्पेक्टर और बिल्डिंग विभाग के इंजीनियर क्या सो रहे थे? क्या उन्हें यह अवैध निर्माण नजर नहीं आया या फिर हर महीने पहुंचने वाले ‘नजराने’ ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध रखी थी?

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) से सवाल: देश की सबसे आधुनिक कही जाने वाली फायर सर्विस के पास ऐसा कोई तंत्र क्यों नहीं है जो बिना फायर NOC के चल रहे इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की औचक जांच (Surprise Inspection) कर उन्हें सील कर सके? क्या आपका काम सिर्फ आग लगने के बाद लाशें निकालना और ‘फायर एनओसी नहीं थी’ का बयान जारी करना ही रह गया है?

दिल्ली पुलिस और पर्यटन विभाग से सवाल: विदेशी नागरिकों के ठहरने की सूचना स्थानीय पुलिस थाने के सी-फॉर्म (C-Form) के जरिए दी जाती है। जब हौज रानी की उस संकरी गली के अवैध होटल में दर्जनों विदेशी नागरिक महीनों से रह रहे थे तो पुलिस ने कभी उस इमारत के नक्शे और सुरक्षा प्रमाण पत्रों की जांच क्यों नहीं की?

दिल्ली सरकार से सवाल: दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा जनवरी 2026 में दिए गए ‘एक्शन प्लान’ के निर्देश पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? वह रिपोर्ट कहां है जो दिल्ली की जनता को यह आश्वस्त कर सके कि वे जिन रेस्तराओं और होटलों में जा रहे हैं, वे सुरक्षित हैं?

जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, दिल्ली यूं ही जलती रहेगी

मालवीय नगर का यह अग्निकांड कोई प्राकृतिक आपदा नहीं है बल्कि सीधे-सीधे प्रशासनिक और संस्थागत हत्या का मामला है। दिल्ली की संकरी गलियों में चल रहे ये अवैध होटल और रेस्तरां ‘टाइम बम’ की तरह हैं जिनकी टिक-टिक हर पल सुनाई दे रही है। जब तक एमसीडी, फायर विभाग और पुलिस के भ्रष्ट अधिकारियों को इन मौतों का सह-आरोपी बनाकर जेल की सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाएगा, तब तक दिल्ली के किसी भी कोने से कभी भी ऐसी ही डरावनी चीखें दोबारा सुनाई दे सकती हैं।

आज जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके आंसू दिल्ली के इस खोखले और संवेदनहीन सिस्टम से इंसाफ मांग रहे हैं। देखना यह है कि क्या यह तंत्र इस बार सचमुच जागेगा या फिर अगले किसी बड़े हादसे तक दोबारा गहरी नींद सो जाएगा।