त्योहारों के मौसम से पहले दिल्ली में नकली पनीर की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठी है। एक कानून की छात्रा और एक वकील ने दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर कर नकली पनीर और दूध से जुड़े दूसरे उत्पादों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि छेना और पनीर प्रसाद का अहम हिस्सा हैं और लोगों की भावनाओं से भी जुड़े हुए हैं।
बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने मामले में तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, अदालत ने केंद्र सरकार, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और दिल्ली सरकार से इस मामले में जवाब मांगा है।
याचिका में की गई ये मांग
यह जनहित याचिका कानून की छात्रा रिधिमा सिंह और वकील अवलोकितेश्वर सिद्धार्थ ने दाखिल की है। याचिका में मांग की गई है कि नकली पनीर के निर्माण, सप्लाई और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
महाराष्ट्र में कार्रवाई का दिया उदाहरण
याचिकाकर्ताओं ने महाराष्ट्र में नकली पनीर के खिलाफ की गई कार्रवाई का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि वहां अधिकारियों ने एनालॉग या नॉन-डेयरी पनीर को लेकर विशेष कदम उठाए हैं। इसके अलावा गुजरात, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी इस तरह की कार्रवाई का जिक्र किया गया है।
याचिका के मुताबिक, इन राज्यों में उठाए गए कदम बताते हैं कि नकली पनीर की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है और मौजूदा कानूनों के तहत इसे रोकने के लिए कार्रवाई की जा सकती है। याचिकाकर्ताओं ने दिल्ली में भी इसी तरह के कदम उठाने की मांग की है।
होटल और ऑनलाइन फूड प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी की मांग
याचिका में दिल्ली सरकार और खाद्य सुरक्षा आयुक्त से त्योहारों के दौरान विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश देने की मांग की गई है। इसके तहत पनीर बनाने वाली यूनिट्स और अन्य प्रतिष्ठानों में जांच, सैंपल लेने और उनकी गुणवत्ता की जांच करने की बात कही गई है। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।
याचिका में होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सेवाओं, क्लाउड किचन और ऑनलाइन फूड प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले पनीर की भी जांच करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि कई बार ग्राहक मेन्यू या ऑनलाइन लिस्टिंग में पनीर देखकर ऑर्डर करते हैं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं होता कि उन्हें असली डेयरी पनीर दिया जा रहा है या उससे मिलता-जुलता कोई दूसरा उत्पाद।
ग्राहक कैसे पहचानेंगे असली पनीर?
याचिका में बताया गया है कि होटल या रेस्टोरेंट में खाना ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए यह पता लगाना मुश्किल हो सकता है कि उन्हें परोसा गया पनीर असली है या नहीं। इसकी वजह यह है कि उत्पाद की मूल पैकेजिंग अक्सर खाद्य सेवा देने वाले प्रतिष्ठान के पास रहती है। ऐसे में ग्राहक के पास उसकी वास्तविक पहचान जानने का आसान तरीका नहीं होता।
याचिकाकर्ताओं ने अदालत से मांग की है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए और नॉन-डेयरी उत्पादों को असली पनीर बताकर बेचने या परोसने पर रोक लगाई जाए।
त्योहारों के दौरान पनीर और छेना का इस्तेमाल मिठाइयों, प्रसाद और कई तरह के पकवानों में किया जाता है। ऐसे में याचिकाकर्ताओं ने इस मामले को समय के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए त्योहारों से पहले ही जांच और कार्रवाई पूरी करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: यूपी में छात्रों की मौज, नवंबर से स्कूलों में मिलेगा हलवा-उपमा, जानें क्या है योगी सरकार की योजना
उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार नवंबर 2026 से स्कूलों में बच्चों को मिड-डे मील के अतिरिक्त सूजी से बना मीठा हलवा और नमकीन उपमा भी परोसेगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
