दिल्ली सरकार ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए व्यापक तैयारी की है। झुलसा देने वाली गर्मी से बचाव के लिए ‘हीट वेव एक्शन प्लान 2026’ तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ मिलकर एक्शन प्लान की समीक्षा की है। प्लान के तहत स्कूली छात्रों और श्रमिकों के लिए अहम निर्णय लिए गए हैं। साथ ही स्वास्थ विभाग को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।
स्कूली बच्चों और श्रमिकों के साथ ही पशु-पक्षियों का भी ख्याल रखने का निर्देश दिया गया है। बैठक में पशु-पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हीट वेव पीड़ितों की देखभाल के लिए विशेष टीमें भी तैनात की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि रिकॉर्डतोड़ गर्मी से बचाने के लिए अगर जरूरत पड़ी तो स्कूली बच्चों को छुट्टी से पहले ओआरएस का घोल पिलाकर घर भेजा जाएगा, ताकि रास्ते में लू लगने या डिहाइड्रेशन का खतरा कम हो जाए। वहीं, अत्यधिक गर्मी की स्थिति में कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों को पानी ही नहीं, धूप से बचाव के लिए टोपी, गमछे और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दोपहर 12 से तीन बजे तक बाहर खुले में काम करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया
बैठक में दिल्ली के थर्मल हॉटस्पॉट और हीट आइलैंड इलाकों की बढ़ती संवेदनशीलता पर जोर देते हुए बताया गया कि पिछले 2–3 वर्षों से यहां लगातार करीब 40 दिनों तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने का चिंताजनक रुझान दिख रहा है। इस सीजन में राजधानी की बिजली की पीक डिमांड 9,000 मेगावाट से अधिक पहुंचने का अनुमान है, जो पिछले साल के 8,442 मेगावाट के रिकॉर्ड से काफी ज्यादा होगी।
बढ़ती मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली कंपनियों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी हालत में सप्लाई में कटौती न हो। साथ ही, तेज गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को पशु-पक्षियों के लिए पानी और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
‘कूल रूफ पॉलिसी 2026’ के तहत सरकार ने कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे की छतों पर करीब 28,674 वर्ग फुट क्षेत्र में रिफ्लेक्टिव कोटिंग का काम पूरा कर लिया है, जिससे इमारत के अंदर तापमान कम रखने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, सभी 13 जिलों के 339 से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है, वहीं 30 से अधिक अस्पतालों में पांच बेड वाले विशेष ‘कूल रूम’ भी तैयार किए गए हैं, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें – दिल्ली में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड; प्रयागराज 45.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म, जारी हुआ ‘रेड अलर्ट
उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है, और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी तेज गर्मी पड़ रही है। पूरी खबर पढ़ें…
