दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है। दिल्ली और गुरुग्राम में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश के खतरे को देखते हुए चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद दोपहर से शाम के बीच कई जगह हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
14 अगस्त को दिल्ली में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके बाद दोपहर से शाम के बीच कई जगह हल्की बारिश होने की संभावना है।
सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवा की गति घटकर करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि शाम और रात में फिर से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
15 अगस्त को भी बारिश के आसार
15 अगस्त को भी दिल्ली में मौसम सुहावना लेकिन बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह 4 से 6 बजे के बीच करीब 5 मिमी बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना है। इसके बाद सुबह 6 से 9 बजे के बीच करीब 2 से 3 मिमी बारिश हो सकती है, जिसकी संभावना 60 प्रतिशत बताई गई है।
दोपहर से शाम के बीच भी करीब 3 मिमी बहुत हल्की बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि दोपहर में दक्षिण-पश्चिम दिशा से हवाओं की गति 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
16 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
16 अगस्त को दिल्ली में आसमान सामान्य रूप से बादलों से ढका रहेगा। सुबह से दोपहर तक एक-दो दौर की बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा शाम से रात के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
इस दिन अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की गति सुबह करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे और दोपहर में 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
गुरुग्राम में भी बारिश की संभावना
दिल्ली के साथ गुरुग्राम और हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 14 और 15 अगस्त को व्यापक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा 17 अगस्त को भी इन इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
14 से 19 अगस्त के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में गुरुग्राम में बारिश के दौरान जलभराव और ट्रैफिक से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।
उत्तराखंड के चार जिलों में 14 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। 14 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के बाकी नौ जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि भारी बारिश के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने और जलभराव का खतरा बना रह सकता है।
15 से 17 अगस्त तक भी अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम का असर आगे भी देखने को मिलेगा। 15 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 16 अगस्त को बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
मौसम विभाग ने 13 से 19 अगस्त के दौरान उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। 15 अगस्त और 18-19 अगस्त को राज्य में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 14 अगस्त तथा 16-17 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
कई राज्यों में बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 19 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 14-15 अगस्त को पंजाब में भी व्यापक बारिश हो सकती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15-16 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14-18 अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-15 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13-15 अगस्त के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
प्रशासन ने उत्तराखंड के सभी जिलों को मौसम संबंधी एडवाइजरी जारी कर दी है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रणनीतिक स्थानों पर तैनात हैं, जबकि संभावित सड़क अवरोध वाले इलाकों में जेसीबी और अन्य मशीनरी को तैयार रखा गया है। लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और भारी बारिश के दौरान जोखिम वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बिहार सरकार का बड़ा फैसला, परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी
बिहार में भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के मामले में अंतरिम न्यायिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद राज्य सरकार ने उनके परिवार के लिए बड़ा ऐलान किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
