दिल्ली सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 72 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। इन अधिकारियों में एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न विभागों में अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं। सेवा विभाग द्वारा शनिवार को जारी आदेश के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम एवं संघ राज्य क्षेत्र (एजीएमयूटी) कैडर के 36 आईएएस अधिकारियों को या तो अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं या विभिन्न विभागों में स्थानांतरित किया गया है।

इस फेरबदल में 36 दानिक्स (दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा) अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। संतोष डी. वैद्य (आईएएस, 1998) को प्रधान सचिव (गृह) नियुक्त किया गया है। वे वित्त, योजना और उद्योग विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वर्तमान में अतिरिक्त मुख्य सचिव (समाज कल्याण) का पदभार संभाल रहे बिपुल पाठक (आईएएस, 1992) को अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रुपेश कुमार ठाकुर (आईएएस, 2006) को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) नियुक्त किया गया है। वे निखिल कुमार (आईएएस, 2002) का स्थान लेंगे, जिन्हें आयुक्त (व्यापार एवं कर) बनाया गया है। हाल ही में दिल्ली सरकार में शामिल हुए 2011 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव आहूजा को सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है। वे उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

यह भी पढ़ें- ‘स्क्रिप्टेड और हताशा भरी PR एक्सरसाइज’, पीएम मोदी के इंटरव्यू पर कांग्रेस का हमला

पांडुरंग पोले (आईएएस, 2004), जो शिक्षा सचिव थे, को सामान्य प्रशासन विभाग में स्थानांतरित किया गया है और उन्हें श्रम आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राजस्व सचिव एवं मंडलायुक्त नीरज सेमवाल (आईएएस, 2003) को बिजली विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहीं पद्मा जायसवाल (आईएएस, 2003) को प्रशासनिक सुधार विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। शहरी विकास सचिव विजय बिधूड़ी (आईएएस, 2005) को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

वहीं, पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे यशपाल गर्ग (आईएएस, 2008) को सचिव (योजना) नियुक्त किया गया है और उन्हें भूमि एवं भवन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। नयी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट सनी कुमार सिंह (आईएएस, 2018) को विशेष सचिव (बिजली) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

यह भी पढ़ें- ‘मस्जिदों पर चलाए जा रहे बुलडोजर’, देश के मुसलमानों की स्थिति को लेकर मीरवाइज चिंतित