द‍िल्‍ली में एलपीजी स‍िलेंडर की बुक‍िंग नहीं होने को लेकर लोग परेशान हैं। तेल कंपन‍ियों की ओर से उपभोक्‍ताओं को जारी क‍िए गए एलपीजी स‍िलेंडर बुक‍िंग नंबरों पर काल की जा रही है लेक‍िन उनके अस्‍थायी रूप से बंद होने की वजह से परेशानी बढ़ गई है। इन सब परेशानियों के बीच अब बुधवार को द‍िल्‍ली सरकार ने बड़ा दावा क‍िया है क‍ि दिल्ली में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी व पीएनजी की आपूर्ति सामान्य है और उसके पास पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार ने जनता से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें।

दिल्ली के मुख्य सचिव ने की बैठक

बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा की अध्यक्षता में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिम एशिया में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी फैल रही अफवाहों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च 2026 को एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू (डोमेस्टिक) पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति, उसके उचित और समान वितरण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी की कोई कमी नहीं है। साथ ही प्राथमिकताओं का पुनः निर्धारण करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में भी लगभग 80 प्रतिशत तक निर्बाध गैस आपूर्ति को नियमित कर दिया गया है।

बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन हुई

तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। तेल और गैस की आपूर्त‍ि पहले की तरह लगातार मिल रही है। गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है, लेकिन बुकिंग के बाद औसतन 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि वाणि‍ज्‍यि‍क (कमर्शियल) गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए तेल विपणन कंपनियों द्वारा कुछ दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं, जिनके तहत शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है। वाणि‍ज्‍यि‍क गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए तेल कंपनियां लगातार प्रयासरत हैं।

सरकार ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि गैस की किसी भी प्रकार की चोरी या कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस उद्देश्य से दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार ने पुनः दोहराया है कि राजधानी में तेल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। आम जनता से अपील की गई है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें। पढ़ें घरेलू LPG प्रोडक्शन 25% बढ़ा

(यह भी पढ़ें: ऊर्जा जरूरतों के लिए पश्चिम एशिया पर कितना निर्भर है भारत)

होर्मुज स्ट्रेट से तेल एवं गैस आयात प्रभावित हुआ है। इसी मार्ग से भारत को सऊदी अरब जैसे देशों से एलपीजी आयात का 85 से 90% हिस्सा मिलता है। भारत के सबसे बड़े LNG सप्लायर कतर ने पिछले हफ्ते प्रोडक्शन रोक दिया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें