दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी और हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक तीन आरोपियों को पंजाब और एक को दिल्ली से पकड़ा गया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को उनके आकाओं ने दिल्ली में धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी करने का काम सौंपा था।

4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय शुभदीप सिंह उर्फ विशाल, 22 वर्षीय गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, 28 वर्षीय साजन सिंह उर्फ हनी और 24 वर्षीय गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के इशारे पर दिल्ली में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

एक अधिकारी ने बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी अपने पाकिस्तानी आकाओं द्वारा मुहैया कराए गए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सशस्त्र कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जिगाना पिस्तौल, एक 30 बोर पिस्तौल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान स्थित आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी अपने सहयोगियों के साथ दिल्ली-एनसीआर में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा है और इसके लिए उसने पंजाब के युवाओं को भर्ती किया है।

दिल्ली और पंजाब में छापे

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद एक टीम ने दिल्ली और पंजाब में कई छापे मारे। पहली गिरफ्तारी अमृतसर के मजीठा रोड से शुभदीप सिंह की हुई, जिसके पास से एक आटोमेटिक पिस्तौल, 5 कारतूस और दो मोबाइल मिले। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह शहजाद भट्टी नेटवर्क के पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार व ड्रग्स हासिल कर रहा था। उनके मुताबिक, इसके बाद पंजाब से उसके दो सहयोगियों गुरजंत सिंह और साजन सिंह को पकड़ा गया, जिनसे एक जिगाना पिस्तौल, 4 कारतूस और 2 मोबाइल मिले। बाद में दिल्ली से चौथे आरोपी गगनप्रीत को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी के अनुसार उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक सबूत मिले हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस करेगी हर सप्ताह थानों में जनसुनवाई

दिल्ली पुलिस अब हर सप्ताह अपने पुलिस थानों में सार्वजनिक सुरक्षा और पुलिसिंग से संबंधित अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों के सामने दर्ज करवा सकेंगे। पढ़ें पूरी खबर