दिल्ली में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के मद्देनजर दिल्ली सरकार कम ऊंचाई वाली आवासीय इमारतों में भी अग्नि सुरक्षा उपायों को अनिवार्य बनाने पर विचार कर रही है। प्रस्तावित उपायों में स्मोक डिटेक्टर (धुआं पहचानने वाले उपकरण) और अग्निशामक यंत्रों की अनिवार्य स्थापना मुख्य रूप से शामिल है।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में मालवीय नगर, विवेक विहार और पालम में हुई भीषण आग की घटनाओं में कई लोगों की जान जाने के बाद अग्नि सुरक्षा मानकों को सख्त करने की आवश्यकता महसूस की गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार नई व्यवस्था पर विचार कर रही है।
तीन साल तक का समय दिया जाएगा
योजना को चरणबद्ध तरीके से प्रस्तावित करने का सुझाव दिया गया है। हालांकि नई इमारतों के लिए तुरंत इन नियमों का पालन करना जरूरी होगा। जबकि पुरानी इमारतों में इन प्रणालियों को स्थापित करने के लिए तीन साल तक का समय दिया जाएगा। वर्तमान भवन उपनियमों के तहत ऐसी इमारतों के लिए अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष रूप से 15 मीटर से कम ऊंचाई वाली आवासीय इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपकरण अनिवार्य करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से चर्चा चल रही है। वर्तमान भवन उपनियमों के तहत ऐसी इमारतों के लिए अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य नहीं है। फिलहाल हाइड्रेंट, अग्निशामक यंत्र, स्मोक डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं मुख्य रूप से ऊंची इमारतों तथा उन भवनों में अनिवार्य हैं, जिन्हें अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करना होता है।
चरणबद्ध योजना लागू करने का सुझाव
लेकिन हालिया घटनाओं ने यह संकेत दिया है कि कम ऊंचाई वाले भवन भी आग के बड़े जोखिम से अछूते नहीं हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली अग्निशमन सेवा ने भी सभी आवासीय भवनों में स्मोक डिटेक्टर और अग्निशामक यंत्र अनिवार्य किए जाने की सिफारिश की है। विभाग ने मौजूदा भवनों में बुनियादी अग्नि सुरक्षा उपकरण स्थापित करने के लिए चरणबद्ध योजना लागू करने का सुझाव भी दिया है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, एक महीने के भीतर आग लगने की दो घटनाओं में करीब 31 लोगों की जान गई है। जिस पर डीएफएस ने सभी इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपकरण लगवाने का प्रस्ताव दिया है। ताकि धुआं व आग पहचान कर उपकरण अलार्म बजा दें और अधिक हानि होने से रोक कर त्वरित कार्रवाई कर मौतों में 97 फीसदी तक की कमी लाई जा सके।
यह भी पढ़ें – दिल्ली B&B अग्निकांड: परिवार के आठ सदस्यों को खोने वाले अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग पिता की मौत
दिल्ली के मालवीय नगर के एक B&B में लगी भीषण आग में परिवार को खोने वाले राधे श्याम अग्रवाल (70s) का मंगलवार दोपहर साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार के कुल 8 लोगों की मालवीय नगर के होटल में लगी आग में मौत हो गई थी। पूरी खबर पढ़ें…
