दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का आधिकारिक उद्घाटन 14 अप्रैल 2026 को हुआ था। तीन महीने से भी कम समय हुआ है और पहली बारिश में इस एक्सप्रेसवे की कुछ ऐसी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं जिन्होंने इसकी हालत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शामली के पास हाथी करोड़ा गांव के पास सड़क पर गड्ढे हो गए। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस ने गुरुवार को मोदी सरकार पर बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। पार्टी का दावा है कि इसी वजह से सार्वजनिक परियोजनाओं की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, ”14 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए गए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के महज दो महीने के भीतर ही बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस एक्सप्रेसवे को 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था। यह दिखाता है कि एक्सप्रेसवे के निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और धन का दुरुपयोग हुआ है।”

पार्टी ने यह भी दावा किया कि यह कोई अकेला मामला नहीं है। कांग्रेस का दावा है कि देशभर में पुल, सड़कें, हाईवे, पानी की टंकियां, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जैसी कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की हालत खराब हो रही है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता लगातार गिर रही है और इसका नुकसान देश व आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। पार्टी का आरोप है कि कुल मिलाकर बात साफ है कि मोदी सरकार देश और जनता के लिए घातक है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की खासियतें

आपको बता दें कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रहा था।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास से शुरू होकर देहरादून तक जाता है। यह मार्ग उत्तर प्रदेश के कई शहरों बागपत, बड़ौत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर से होकर गुजरता है।

इसके साथ हरिद्वार को जोड़ने के लिए एक विशेष सड़क भी बनाई गई है। यह एक्सप्रेसवे चारधाम हाईवे से भी जुड़ा हुआ है जो उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थ स्थलों को आपस में जोड़ता है।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अनुसार, यह हाईवे दोनों शहरों के बीच दूरी को 235 किमी से घटाकर 212 किमी कर देगा और पूरी तरह चालू होने पर यात्रा समय वर्तमान 6.5 घंटे से घटकर केवल 2.5 घंटे रह गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार, इस हाईवे पर गणेशपुर और आशारोड़ी के बीच करीब 20 किमी लंबे हिस्से में 10.97 किमी का पशु अंडरपास बनाया गया है ताकि वन्यजीवों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सके।

इसमें एशिया के सबसे बड़े वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर में से एक भी शामिल है जिसकी औसत ऊंचाई 6 से 7 मीटर रखी गई है ताकि बड़े से बड़े जानवर भी आसानी से गुजर सकें।

दिल्ली-देहरादून हाईवे के पास 5 खूबसूरत और कम भीड़ वाले हिल स्टेशन

दिल्ली से देहरादून का सफर अब काफी आसान हो गया है। दरअसल, यात्रियों के लिए 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग तो यातायात के लिए खोल दिया गया है। ऐसे में अब दिल्ली से देहरादून जाने में 2.5 से तीन घंटे का समय लगेगा। देहरादून के पास कई ऐके हिल स्टेशन हैं, अपने खूबसूरत वादियों, शांत वातावरण और प्राकृतिक नजारों के लिए मशहूर हैं। अन्य हिल स्टेशन के मुकाबले यहां पर भीड़ भी कम होती है। ऐसे में आप यहां पर वीकेंड या फिर किसी भी दिन घूमने का प्लान बना सकते हैं। ये जगहें सोलो ट्रैवलिंग के लिए मशहूर हैं। पढ़ें पूरी खबर…