दिल्ली की एक अदालत ने ₹842 करोड़ के कथित मेडिकल खरीद घोटाले में आरोपी राजीव रंगीला की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि आरोपी ने पहले भी अपने व्हाट्सऐप मैसेज डिलीट किए थे, जिससे सबूत नष्ट करने की आशंका है। उस पर सरकारी अधिकारियों को धमकाने और टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी करने के भी आरोप हैं।

राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विद्या प्रकाश ने बुधवार को अपने आदेश में कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों से पता चलता है कि आरोपी ने सरकारी अधिकारियों को अपने निर्देशों के अनुसार काम करने के लिए दबाव डाला था। ऐसा न करने पर उन्हें विभागीय कामकाज में दरकिनार कर दिया जाता था।

अदालत ने यह भी कहा कि आरोपी ने दवा निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधियों समेत अन्य लोगों के साथ हुई व्हाट्सऐप बातचीत को डिलीट किया था। इससे यह आशंका पैदा होती है कि वह मामले से जुड़े अहम सबूतों को नष्ट कर सकता है।

अमेरिका भागने और भारत लौटने का भी जिक्र

दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) की ओर से वरिष्ठ लोक अभियोजक कुमार संजय ने अदालत में पक्ष रखा। अभियोजन के अनुसार, आरोपी राजीव रंगीला ने कथित तौर पर अपनी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए मेडिकल खरीद से जुड़े टेंडरों में हेराफेरी की थी।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि रिकॉर्ड से आरोपी का आचरण दुर्भावनापूर्ण दिखाई देता है। वह कथित तौर पर 26 जून 2026 के आसपास भारत से अमेरिका चला गया था। उसके खिलाफ 7 जुलाई को गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद वह 23 सितंबर को भारत लौटा और अगले दिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अदालत ने कहा कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर सरकारी खजाने को कथित तौर पर 842 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। इससे दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य संस्थानों के कामकाज पर भी असर पड़ा और आम लोगों के स्वास्थ्य पर इसका प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई।

टेंडर में हेराफेरी और कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप

ACB के मुताबिक, मेडिकल खरीद घोटाले में दवा कारोबारी राजीव रंगीला की भूमिका कथित तौर पर मुख्य थी। उस पर आरोप है कि उसने दवा निर्माता कंपनियों के साथ मिलकर सप्लाई की दरें तय कीं और इसके बदले नकद कमीशन लिया।

अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपी की कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर की शर्तें खास तौर पर तैयार की जाती थीं। आरोप है कि राजीव रंगीला तकनीकी मूल्यांकन की शीट भी तैयार करता था, जिन्हें सरकारी अधिकारी कुछ ही घंटों में मंजूरी दे देते थे।

अभियोजन के अनुसार, आरोपी की कंपनियों के बिल एक या दो दिन में ही पास कर दिए जाते थे, जबकि अन्य सप्लायरों को अपने भुगतान के लिए दो साल से ज्यादा इंतजार करना पड़ता था।

क्या है पूरा मेडिकल खरीद घोटाला?

यह मामला सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) से जुड़ा है। यह एजेंसी दिल्ली सरकार के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के लिए दवाएं, टीके और मेडिकल उपकरण खरीदने की जिम्मेदारी संभालती है। ACB ने आरोप लगाया है कि मेडिकल खरीद से जुड़ी 10 महत्वपूर्ण फाइलें भी नहीं मिल रही हैं। मामले की जांच के दौरान इन फाइलों का पता नहीं चल पाया है।

अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली के लक्ष्मी नगर और हरियाणा के करनाल स्थित सदर पुलिस स्टेशन में दो अन्य एफआईआर दर्ज हैं। अदालत ने इन मामलों को आरोपी का आपराधिक इतिहास बताते हुए जमानत देने से इनकार करने के फैसले में शामिल किया।

तीन सरकारी अधिकारियों के नाम भी चार्जशीट में

इस मामले में दाखिल चार्जशीट में तीन सरकारी अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें CPA के हेड ऑफ ऑफिस डॉ. रंगा, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की प्रमुख डॉ. वत्सला अग्रवाल और CPA के पूर्व डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स नीरज चोपड़ा शामिल हैं।

हालांकि, राजीव रंगीला की भूमिका की जांच अभी जारी है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उसकी भूमिका को लेकर पूरक चार्जशीट दाखिल किए जाने की संभावना है। फिलहाल, अदालत ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया है। मामले में उस पर लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।

यह भी पढ़ें: जज को बताया ‘मास्टर का सेवक’, CJP की रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही का रास्ता साफ

दिल्ली सरकार के एडिशनल स्टैंडिंग काउंसिल अमोल सिन्हा ने CJP की रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए सहमति दे दी है। यह मामला साकेत कोर्ट के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अभिनव पांडे के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से जुड़ा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।