दिल्ली की एक कोर्ट ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को 2020 के दिल्ली दंगे मामले में दोषी करार दिया है। कोर्ट ने मामले में पूर्व पार्षद को अन्य आरोपों से बरी कर दिया। साथ ही अन्य सभी आरोपियों को भी बरी कर दिया।
कोर्ट ने 2020 के दंगों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में आगजनी से संबंधित एक मामले में दंगा भड़काने का दोषी पाया है।
कोर्ट ने किए 12 आरोपी बरी
कड़कड़डूमा कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश परवीन सिंह ने ताहिर हुसैन को अन्य मामलो में बरी कर दिया है। साथ ही मोहम्मद शादाब, शाह आलम, रियासत अली, गुलफाम, मोहम्मद रिहान, अरशद कय्यूम और इरशाद अहमद समेत अन्य 12 आरोपियों को भी सभी आरोपों से बरी कर दिया है।
आईपीसी की धारा 147, 148, 149 (दंगा), 427 (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और तोड़फोड़ करना), 436 (आग लगाकर तोड़फोड़ करना) और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत दंडनीय अपराधों के लिए एपआईआर दर्ज की गई थी।
किसने की थी शिकायत?
इरशाद अली नाम के व्यक्ति ने एक शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 फरवरी, 2020 को दंगे के दौरान उनकी दुकान में लूटपाट हुई और आग लगा दी गई, जिससे 17-18 लाख रुपये का सामान चोरी हो गया और उन्हें 10 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा। एक अन्य शिकायतकर्ता, मोहम्मद जाहिद ने बताया कि दंगाइयों ने ताहिर हुसैन के समर्थन में नारे लगाए, जिनकी पहचान दो कांस्टेबलों ने जांच के दौरान की।
दूसरी बार दोषी करार
ताहिर हुसैन को दूसरी बार दोषी पाया गया है। जज ने ताहिर हुसैन को इससे पहले दंगों के दौरान सूचना एवं संचार ब्यूरो के कर्मचारी अंकित शर्मा की हत्या के लिए दोषी पाया था। उस मामले में भी पूर्व पार्षद को आजीवन कारावास की सजा सुनवाई गई थी।
कोर्ट ने यह टिप्पणी की थी कि यद्यपि अपराध क्रूर था और पीड़ित की हत्या एक हिंसक भीड़ ने की थी, अभियोजन पक्ष यह साबित करने में विफल रहा कि दोषियों में सुधार की गुंजाइश नहीं है या सजा पूरी करने के बाद उनकी रिहाई समाज के लिए खतरा पैदा करेगी।
विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने दलील दी थी कि अंकित शर्मा को किडनैप किया गया था और फिर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिससे उन्हें 51 जगह चोटें आईं, जिनमें से 18 धारदार हथियारों से की गईं थीं।
उन्होंने कहा, “अंकित शर्मा को किडनैप किया और उन पर बेरहमी से हमला किया गया। पीड़ित को कुल 51 जगह चोटें थी, जिनमें से 18 धारदार हथियारों से लगी थीं। यह कोई मामूली मामला नहीं है, जिसमें किसी को एक या तीन बार चाकू मारा गया हो।”
उन्होंने आगे कहा कि आरोपियों ने अंकित शर्मा की मृत्यु के बाद भी उन पर हमला करना जारी रखा। विशेष लोक अभियोजक ने यह भी कहा, “आरोपी इंसान नहीं, जानवर थे। उन्होंने मृतकों के प्रति सम्मान नहीं दिखाया और इसलिए उन्हें सलाखों के पीछे रखा जाना चाहिए और मौत की सजा दी जानी चाहिए।”
यह भी पढ़ें: ‘वह नेक इंसान हैं’, उम्रकैद के बाद ताहिर हुसैन के समर्थन में आए मौलाना
साल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के दौरान आईबी ऑफिसर अंकित शर्मा की हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और चार अन्य लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। इस बीच ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने ताहिर को एक नेक इंसान बताया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
