पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। इमारत का मलबा गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर हादसे वाली जगह को बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए तलाशी और बचाव अभियान चलाया।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय इमारत में कुल कितने लोग मौजूद थे और कितने लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। बचाव दल मलबे की जांच कर रहा है।

चार महीने से चल रहा था निर्माण कार्य

प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया, “यह हादसा सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। हम सो रहे थे, तभी अचानक कुछ गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। हम सभी उठकर बाहर भागे। पहले लगा कि हमारा ही मकान गिर रहा है। लेकिन बाहर आकर देखा तो पता चला कि बगल में बन रहा मकान ढह गया है। इमारत में तीन-चार लेंटर डाले जा चुके थे और वे सभी एक साथ गिर गए। घायल मजदूरों में से एक ने बताया कि वहां करीब तीन-चार लोग मौजूद थे। हमने एक शव को बाहर ले जाते हुए भी देखा। इस इमारत का निर्माण पिछले तीन-चार महीने से चल रहा था।”

चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली का व्यस्त कारोबारी इलाका है। यहां दुकानें और पुरानी इमारतें काफी पास-पास बनी हुई हैं। ऐसे में इमारत का हिस्सा गिरने के बाद आसपास की जगहों पर भी एहतियात बरता जा रहा है।

फिलहाल इमारत का हिस्सा गिरने की वजह स्पष्ट नहीं है। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।