दिल्ली की भाजपा सरकार ने अपने चुनावी वादे के अनुरूप गरीब परिवारों को होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना को मंजूरी दे दी है। दिल्ली के राशन कार्ड धारकों को 853 रुपये प्रति सिलेंडर दिए जाएंगे। योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एलपीजी या पीएनजी उपयोग करने वाले सभी राशन कार्डधारकों पर समान रूप से लागू होगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल बैठक में इसके लिए 242 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई। योजना के तहत राजधानी के सभी राशन कार्डधारी परिवारों को प्रतिवर्ष दो सिलेंडर के बराबर आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस साल होली से पहले यह राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे परिवार के मुखिया के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलेगी 553 रुपये प्रति सिलेंडर की सहायता

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों को केंद्र सरकार की 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी एडजस्ट करने के बाद 553 रुपये प्रति सिलेंडर की सहायता मिलेगी। वहीं, गैर-उज्ज्वला राशन कार्डधारक परिवारों को पूरी राशि 853 रुपये दी जाएगी।

पढ़ें- यमुना पर नया सेतु? लोहा पुल या सिग्नेचर ब्रिज के पास बनाने का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं है बल्कि त्योहारों के समय गरीब परिवारों की गरिमा और राहत सुनिश्चित करने का एक माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना का अनुमानित वार्षिक व्यय लगभग 242.77 करोड़ रुपये होगा, जिसे एलपीजी कीमत, केंद्र की रियायत और लाभार्थियों की संख्या के अनुसार समायोजित किया जाएगा।

स्थानीय निकायों को 687 करोड़ की वित्तीय मदद

दिल्ली सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए स्थानीय निकायों को 687.22 करोड़ रुपये की तीसरी और अंतिम बीटीए किस्त जारी करने को मंजूरी दी है। इसमें दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को 673.12 करोड़, दिल्ली छावनी बोर्ड को 57.3 करोड़ और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को 8.36 करोड़ रुपये मिलेंगे। शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि राशि केवल जनहित और विकासात्मक कार्यों में खर्च होगी, जिसमें स्वच्छता, आधारभूत ढांचा और नागरिक सुविधाओं के सुधार शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में एमसीडी को 500 करोड़ रुपये की एकमुश्त सहायता भी दी गई।

पुरानी दिल्ली के कायाकल्प की कमान अब मुख्यमंत्री के हाथ

पुरानी दिल्ली के कायाकल्प की कमान अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हाथों में रहेगी। रेखा गुप्ता को शाहजहानाबाद पुनर्विकास निगम (एसआरडीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में लोकनिवास (उपराज्यपाल सचिवालय) से आदेश जारी कर दिया गया है। इस आदेश के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पुरानी दिल्ली के समग्र पुनर्विकास और विरासत संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। एसआरडीसी के माध्यम से पुरानी दिल्ली को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने पुरानी दिल्ली के समग्र पुनर्विकास और विरासत संरक्षण को लेकर एक व्यापक योजना तैयार की है।

योजना के तहत संकरी गलियों में फैले बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाएगा, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और क्षेत्र की ऐतिहासिक सुंदरता को निखारने पर विशेष जोर रहेगा। बाजारों में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए एक व्यापक यातायात प्रबंधन योजना बनाई जाएगी। इसके साथ ही बहुमंजिला पार्किंग सुविधाओं के निर्माण पर भी तेजी से काम किया जाएगा।

पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में छाया कोहरा