Delhi Assembly Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए मिली है। दिल्ली विधानसभा में स्निफर डॉग और बम स्क्वायड और अन्य तमाम एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची हुई है। दिल्ली विधानसभा की जो बजट सत्र की कार्रवाई 11:00 से शुरू होनी थी, वह अब आधा घंटा देरी से शुरू होगी।
अध्यक्ष के कार्यालय के अनुसार, पहली धमकी सुबह 7.28 बजे विधानसभा के आधिकारिक ईमेल पते पर आई, जिसके ठीक 21 मिनट बाद सुबह 7.49 बजे अध्यक्ष को एक दूसरा ईमेल मिला। दोनों ईमेल में दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे दिल्ली विधानसभा में और रात 9:11 बजे दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर बम विस्फोट होगा। ईमेल में खालिस्तान जनमत संग्रह का भी जिक्र किया गया था।
पीएम मोदी और अमित शाह का भी जिक्र
बम स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंचकर अध्यक्ष कार्यालय की जांच में जुटी हुई है। दिल्ली विधानसभा कार्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने भी बम से उड़ने की धमकी भरी मिली मेल की पुष्टि की है। बम से उड़ने की धमकी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली के नव नियुक्त उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू व अन्य को भी यह धमकी भरी ईमेल मिली है।
दिल्ली पुलिस का आया बयान
दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि बम डिटेक्शन टीम ने विधानसभा की गहनता से जांच की। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस छानबनी में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: कड़कड़डूमा कोर्ट में वकीलों की हड़ताल
डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट क्या बोले?
डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने धमकी भरे ईमेल मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “ऐसी धमकियां तो सिर्फ सिरफिरे लोग ही दे सकते हैं। ऐसा मैं मानता हूं। निश्चित तौर पर सुरक्षा होनी चाहिए और हमें इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए क्योंकि यह विधानसभा का सवाल है। पिछली बार भी इसी तरह की धमकियां दी थी। हम बिल्कुल भी डरने और घबराने वाले नहीं है। विधानसभा का सत्र चलेगा और विधानसभा का बजट पेश किया जाएगा। कुछ सिरफिरे लोग सरकार को काम नहीं करने देना चाहते हैं। हम लोग डरेंगे नहीं क्योंकि ये दिल्ली के भविष्य की बात है।”
सोमवार से बजट सत्र की हुई शुरुआत
इसी बीच, सोमवार को दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत पारंपरिक खीर सेरेमनी के साथ हुई। इसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’ के दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा कि यह बजट लगभग 3 करोड़ दिल्लीवासियों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “यह बजट न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का साधन भी बनेगा। यह बजट एक ऐसे दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक कदम है जहां नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के साथ रह सकें। इस बजट में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाओं, स्वास्थ्य क्षेत्र में मजबूत बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और हरित वातावरण को प्राथमिकता दी गई है।”
