दिल्ली में भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक एसीपी के साथ कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है।

इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) विवेक भगत की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में FIR दर्ज की है। घटना 3 अक्टूबर को बुटा सिंह राउंडअबाउट पर हुई थी।

क्या है पूरा मामला?

FIR के मुताबिक, नई दिल्ली जिले के कनॉट प्लेस सब-डिवीजन में तैनात एसीपी विवेक भगत ने आरोप लगाया कि भारतीय निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक पत्रकार ने सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उस समय भगत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे।

अपनी शिकायत में विवेक भगत ने बताया कि वह अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने और उनके साथ तैनात ऑपरेटर कॉन्स्टेबल रवि दहिया ने एक पत्रकार को उनकी नेमप्लेट और जातिगत पहचान का जिक्र करते हुए सुना। आरोप है कि पत्रकार ने उनकी जाति और एसीपी के पद पर उनकी नियुक्ति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं।

तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में रोजी, गजेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 356(2) और 3(5) के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(p), 3(1)(q), 3(1)(r) और 3(1)(s) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये धाराएं सरकारी काम में बाधा डालने, मानहानि से जुड़े आरोपों और अनुसूचित जाति या जनजाति के व्यक्ति के खिलाफ कथित अपमान तथा जातिसूचक व्यवहार जैसे मामलों से संबंधित हैं।

फिलहाल, FIR में लगाए गए आरोपों की जांच से जुड़े आगे के घटनाक्रम की जानकारी सामने नहीं आई है। एफआईआर दर्ज होने का मतलब आरोप साबित होना नहीं है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

यह भी पढ़ें: ‘अरे क्यों देश को खराब कर रहा है भाई…’, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर भड़का युवक

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। दीपके अपने साथियों सौरव दास, अजिंक्य शिंदे और आशुतोष रांका से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। जैसे ही वह एयरपोर्ट के बाहर आए तो वहां कुछ लोग इकट्ठा हो गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।