राजधानी दिल्ली के ITO इलाके में रविवार रात करीब 9:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस एक्सीडेंट में आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा और कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण से बीजेपी विधायक अभय पाटिल समेत 6 लोग मामूली रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को LNJP में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रविवार रात सेंट्रल दिल्ली के ITO इलाके में PWD ऑफिस के सामने हुआ जहां दो कारें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में दिल्ली के किराड़ी से मौजूदा MLA अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल समेत 6 लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद दिल्ली पुलिस क्राइम टीम घटनास्थल पर पहुंची जहां एक्सीडेंट हुआ और जांच शुरू की।

आपस में टकराई स्विफ्ट और इनोवा कार

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराई और रेलिंग पार करते हुए दूसरी तरफ से आ रही एक इनोवा कार से टकरा गई। दोनों विधायक इनोवा कार में ही सवार थे जबकि स्विफ्ट गाड़ी में 32 साल के आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ सवार थे।

घायलों की हालत स्थिर- पुलिस

सभी लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश हॉस्पिटल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि सभी की हालत स्थिर है। सड़क हादसे के बारे में IP एस्टेट पुलिस स्टेशन को रात करीब 9.30 बजे एक PCR कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दोनों डैमेज गाड़ियां मिलीं।