भारतीय सेना के रक्षा अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अग्निपथ योजना से जुड़े अहम सवालों के जवाब दिए हैं। इससे पहले, केंद्र सरकार ने बुधवार को अग्निपथ योजना में बड़े बदलाव किए थे और अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने की घोषणा की थी।

केंद्र सरकार ने कहा था कि उन अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा जिनका चार साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने और व्यक्तिगत सहमति देने वाले अग्निवीरों को सेना में स्थायी भर्ती की पेशकश की जाएगी।

रक्षा अधिकारियों ने क्या जवाब दिए?

इस सवाल के जवाब में कि क्या छह साल बाद सभी अग्निवीरों को स्थायी रूप से शामिल कर लिया जाएगा, रक्षा अधिकारियों ने कहा है कि अब सभी अग्निवीरों को रेगुलर कैडर में शामिल कर लिया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक, पहले चार साल के कार्यकाल के बाद 25% अग्निवीरों को शामिल किया जाएगा, और बाकी बचे 75% अग्निवीरों को दूसरे कार्यकाल के बाद (बिना किसी सीमा के) शामिल कर लिया जाएगा। इसके लिए मुख्य शर्तें यह हैं कि अग्निवीर इसके लिए इच्छुक हो, शारीरिक रूप से फिट हो और अनुशासित हो।

दूसरा सवाल यह कि उन 75% अग्निवीरों की वरिष्ठता (सीनियरिटी) का क्या होगा, जिन्हें चार साल बाद स्थायी रूप से शामिल नहीं किया जाता है? इसके जवाब में रक्षा अधिकारियों ने कहा है कि उनकी वरिष्ठता सुरक्षित रहेगी।

रेगुलर होने पर, उन्हें उनके ही बैच के उन साथियों के ठीक बाद रखा जाएगा, जो चार साल बाद रेगुलर कैडर में शामिल हुए थे। इसलिए, वे किसी बाद वाले बैच के मुकाबले जूनियर नहीं होंगे।

योजना को वापस नहीं लिया गया

तीसरा सवाल यह कि क्या इस योजना को वापस ले लिया गया है?, इसके जवाब में अधिकारियों ने कहा कि इस योजना को वापस नहीं लिया गया है। इसमें बस दो साल का एक और कार्यकाल जोड़ा गया है, जिससे सभी अग्निवीरों के लिए इस कार्यकाल के बाद नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का रास्ता तैयार होगा।

सीडीएस जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना में बदलावों की घोषणा केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सैन्य भर्ती योजना में तीनों सेनाओं की सिफारिशों के अनुरूप बदलावों को मंजूरी दिए जाने के तुरंत बाद की थी। योजना में ये बदलाव करीब 18,000 अग्निवीरों के सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने से ठीक पहले किए गए हैं। सीडीएस ने कहा कि सरकार के इस फैसले से लगभग सभी अग्निवीरों के सशस्त्र बलों में शामिल होने का रास्ता तैयार होगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे लेकर कहा था कि यह कदम सशस्त्र बलों में किए जा रहे दीर्घकालिक सुधारों का हिस्सा है और इसका उद्देश्य ‘युवा, तकनीकी रूप से सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार सेना’ को बनाना है।

जून 2022 में शुरू की गई थी योजना

जून 2022 में शुरू की गई अग्निपथ योजना के तहत सैनिकों की भर्ती चार साल के कार्यकाल के लिए की गई थी। इसमें कुल भर्ती किए गए अग्निवीरों में से केवल 25 प्रतिशत को नियमित सेवा में बनाए रखने का प्रावधान था। फिलहाल अग्निपथ योजना के तहत भर्ती किए गए तीन लाख से अधिक सैनिक सशस्त्र बलों में सेवा दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ‘मोदी सरकार का मास्टरस्ट्रोक यू-टर्न’

अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार के नए फैसले पर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। सरकार ने अग्निवीरों के पहले बैच की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का फैसला किया है। इस फैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।