कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए देश में कथित ‘अनऑफिशियल इमरजेंसी’ को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने साथी नेताओं अशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि अगर सरकार को विरोध की आवाज दबानी है तो उसे ऑफिशियल तौर पर इमरजेंसी घोषित कर देनी चाहिए।

दिल्ली की एक विशेष अदालत द्वारा CJP के नेताओं अशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के कुछ घंटे बाद बुधवार को अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। दीपके ने कहा कि सरकार को कथित तौर पर अनऑफिशियल इमरजेंसी जैसे हालात बनाने के बजाय खुलकर फैसला लेना चाहिए।

‘अनऑफिशियलत इमरजेंसी क्यों?’

महाराष्ट्र के नागपुर में दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए दीपके ने केंद्र सरकार को चुनौती दी। उन्होंने कहा, “मैं केंद्र सरकार से कहना चाहता हूं कि अगर देश में इमरजेंसी लगानी है, तो ऑफिशियल तौर पर लगाइए। यह अनऑफिशियलत इमरजेंसी क्यों?”

उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री विपक्ष और विरोध की आवाज को दबाने के लिए दृढ़ हैं तो उन्हें खुले तौर पर इमरजेंसी लगाने का साहस दिखाना चाहिए, न कि डराने वाली रणनीतियों का सहारा लेना चाहिए। दीपके ने अपने साथी नेताओं की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या मौजूदा सरकार के कार्यकाल में देशभक्ति दिखाना भी अपराध हो गया है।

‘तिरंगा फहराना क्या अपराध हो गया?’

अभिजीत दीपके ने कहा कि अशुतोष रांका और सौरव दास का अपराध सिर्फ इतना था कि वे जंतर-मंतर गए और वहां तिरंगा फहराया। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में राष्ट्रीय ध्वज फहराना पाप हो गया है?
दीपके ने दोनों नेताओं के खिलाफ हुई कार्रवाई को पूरी तरह गैरकानूनी बताया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि नेताओं को अपने वकीलों से संपर्क करने तक की अनुमति नहीं दी गई।

दरअसल, मंगलवार सुबह दिल्ली पुलिस ने अशुतोष रांका और सौरव दास समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। ये लोग जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। इससे एक दिन पहले ही जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं रहने की घोषणा की गई थी।

चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर भी उठाए सवाल

दीपके ने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल समेत दूसरे इलाकों में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का जिक्र करते हुए पूछा कि जब ऐसा हो रहा था, तब संवैधानिक संस्थाएं और सुप्रीम कोर्ट क्या कर रहे थे?

दीपके ने सवाल किया कि क्या सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा कि इस बार चुनाव मत लड़िए, अगली बार लड़ लीजिए? उनके इस बयान के जरिए उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर संस्थाओं की जवाबदेही पर सवाल उठाया।

किसी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं: दीपके

CJP की राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी तरह स्वतंत्र है और किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ी नहीं है। हालांकि, उन्होंने माना कि पार्टी को कई नेताओं का समर्थन मिला है।

दीपके के मुताबिक, शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने उनकी पार्टी को समर्थन दिया है। विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन और उसके सहयोगी लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए मिलकर लड़ रहे हैं।

‘देश बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से चलेगा’

अपनी सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर दीपके ने कहा कि उन्हें किसी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर अधिकारी उन्हें गिरफ्तार करना चाहते हैं तो वे बिना किसी हिचकिचाहट के ऐसा कर सकते हैं।

संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए दीपके ने कहा कि देश संविधान और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के आधार पर चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा थोपने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश हमेशा बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के आधार पर ही चलेगा।

यह भी पढ़ें: CJP और अभिजीत दीपके को अमेरिका से फंडिंग? सिंगर मैरी मिलबेन का PM मोदी को समर्थन, जवाबी आंदोलन की अपील

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने आरोप लगाया है कि अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को अमेरिकी फंडिंग दे रहे हैं। उनका दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी इस पैसे का इस्तेमाल भारत में शासन व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करने वाली ताकतों को समर्थन देने के लिए किया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।