Rahul Gandhi Attack PM Modi: कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुआ व्यापार समझौता असल में गौतम अडानी की रिहाई का सौदा था।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमारे ‘कॉम्प्रोमाइज पीएम’ ने कोई व्यापार समझौता नहीं किया, बल्कि अडानी की रिहाई का सौदा किया है।” कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी इस मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा। उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो चुका है कि 10 मई 2025 को आखिर क्यों राष्ट्रपति ट्रंप की चेतावनी के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बीच में रोक दिया गया था।

अडानी विवाद क्या है?

राहुल गांधी और जयराम रमेश के ये बयान उस समय आए हैं जब अमेरिकी मीडिया में रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि अमेरिकी सरकार गौतम अडानी के खिलाफ दायर मुकदमे को सुलझाना चाहती है। अमेरिका में दायर इस मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि अडानी समूह ने भारत में अपनी सौर ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए निवेशकों को गुमराह किया। साथ ही कथित तौर पर रिश्वतखोरी के आरोप भी लगे थे। हालांकि अब इस मामले को अमेरिकी सरकार निपटाने की कोशिश कर रही है।

यह रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस मोदी सरकार पर आक्रामक हो गई। जयराम रमेश ने कहा कि अब साफ हो चुका है कि आखिर प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के पक्ष में झुका हुआ ट्रेड डील क्यों साइन किया था। उनके मुताबिक पीएम मोदी ने राष्ट्रीय हित की बजाय राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव के आगे झुकना सही समझा।

पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों पर कांग्रेस

अडानी मुद्दे के अलावा, देश में बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी कांग्रेस मोदी सरकार पर हमलावर हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए कांग्रेस ने पीएम मोदी को “महंगाई मैन” बताया। कांग्रेस ने लिखा, “महंगाई मैन ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया है। पेट्रोल और डीजल 3 रुपये महंगे कर दिए गए हैं। सीएनजी के दाम भी 2 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। चुनाव खत्म होते ही मोदी की वसूली शुरू हो गई है।

ये भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफे पर बोले जयराम रमेश