Madhya Pradesh News: दमोह में मंगलवार शाम को बारात के दौरान एक 23 साल के दलित दूल्हे के साथ मारपीट की गई। वह दूल्हा घोड़े पर बैठकर अपने गांव से गुजर रहा था, लेकिन कुछ लोगों को यह बात पसंद नहीं आई। उन्होंने उसे घोड़े से नीचे खींच लिया और पीटना शुरू कर दिया।

गोलू अहिरवार विवाह से पहले की जाने वाली ‘रचवाई’ की रस्म कर रहे थे जिसमें दूल्हा घोड़े पर बैठकर जाता है। इसी दौरान उनको एक गली में रोक दिया गया। उनके परिवार के अनुसार, जानबूझकर एक वाहन को रास्ता रोकने के लिए खड़ा किया गया था। जब रिश्तेदारों ने रास्ता मांगा, तो स्थानीय पुरुषों के एक समूह ने उनका विरोध किया और स्थिति को हिंसा में बदल दिया।

दूल्हे को घोड़े से नीचे खींच लिया गया और लाठियों व डंडों से पीटा गया। घटनास्थल से मिले वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि हमलावरों ने दूल्हे और उसके साथ आए लोगों को निशाना बनाया और फिर अफरा-तफरी मच गई। शारीरिक रूप से विकलांग अहिरवार को उनकी इस स्थिति के बावजूद पीटा गया।

दूल्हे की मां ने क्या बताया?

दूल्हे की मां, विद्या अहिरवार ने अपने बेटे की शादी से पहले के तनावपूर्ण पलों के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “उन्होंने हमें बारात निकालने से मना किया। हमने कहा कि शादी आज है, बिना घोड़े पर सवार हुए रस्म कैसे पूरी हो सकती है?” उन्होंने आगे बताया, “उसके बाद, उन्होंने हमें पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने मेरी बेटी को भी मारा और मारपीट के दौरान उसके कुछ सोने के गहने गायब हो गए।”

उनकी बहन मनीषा अहिरवार ने बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन पर भी हमला किया गया। उन्होंने बताया, “उन्होंने कहा कि इस तरह की रस्म हम जैसे लोगों के लिए नहीं है।” उन्होंने बताया कि कैसे समूह ने पहले रास्ता देने से इनकार कर दिया और फिर उन पर झपट्टा मारा। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उनके पहने हुए सोने के गहने चोरी हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाने के प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने बताया कि आरोपियों ने दूल्हे के घोड़े पर सवार होने पर आपत्ति जताई और जबरन रोककर समूह पर हमला किया।

थाने के प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने कहा, “दूल्हे के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों ने बारात के दौरान दूल्हे के घोड़े पर सवार होने पर आपत्ति जताई और फिर उस पर और उसके रिश्तेदारों पर हमला किया। हम आरोपियों की पहचान और तलाश कर रहे हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शादी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।”

हमले के बाद, परिवार और बारात के सदस्य शिकायत दर्ज कराने के लिए सीधे पुलिस स्टेशन गए। तनाव को रोकने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मेडिकल के बाद, दूल्हा छतरपुर जिले में शादी की रस्में पूरी करने के लिए रवाना हो गया।

बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी की बढ़ी मुश्किलें

मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ आईपीएस एसोसिएशन ने एक्शन की मांग की है। प्रीतम लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह करैरा की एसडीओपी को लेकर अपशब्द कह रहे थे, उन्हें धमकी देते दिख रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…