Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश में कोथापटनम के पास सोमवार देर रात चक्रवात मुरासु ने दस्तक दी। इसके साथ ही भारी बारिश हुई और 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। नेल्लोर, प्रकाशम और बापटला जिलों में सैकड़ों पेड़ उखड़ गए। हालांकि, बिजली आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा। कई निचले इलाकों में पानी भर गया।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवात मुरासु से बनी स्थिति का जायजा लेने के लिए तड़के 3:30 बजे जिला कलेक्टरों और अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस की। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात मुरासु सुबह 6:30 बजे तक तट को पार कर जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश
अर्नब चक्रवात के बाद की स्थिति से अलग इस बार मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि चक्रवात प्रभावित इलाकों में तब तक लोगों को सड़कों पर न आने दिया जाए, जब तक कि सभी रुकावटें हटा न दी जाएं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक बिजली का कोई खंभा नहीं गिरा है और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में कहीं भी कोई रुकावट नहीं आई है।
4 नवंबर की सुबह तक समुद्र में न जाएं- आईएमडी डायरेक्टर
आंध्र प्रदेश की आईएमडी की डायरेक्टर के. नागरात्ना ने कहा, “ओंगोल के पास लैंडफॉल (तूफान का तट से टकराने) की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो अगले 1 से 2 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। इस तूफान के साथ चलने वाली हवाओं की गति फिलहाल 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो कभी-कभी 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच रही है। इस भीषण चक्रवाती तूफान के कारण तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। कृष्णा, गुंटूर, बापटला, पलनाडु, एनटीआर और प्रकाशम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे आज से लेकर 4 नवंबर की सुबह तक समुद्र में न जाएं। आईएमडी की चेतावनियों के आधार पर स्थिति की समीक्षा होने तक, समुद्र में और तट के पास होने वाली सभी गतिविधियों को पूरी तरह से रोक दिया गया है। जब तक यह चक्रवाती तूफान कमजोर नहीं हो जाता, तब तक आईएमडी के अपडेट और सलाह का पालन करना ही बेहतर होगा।”
चेन्नई कॉर्पोरेशन के कमिश्नर ने मुरासु को लेकर क्या कहा?
चक्रवात मुरासु को लेकर ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के कमिश्नर जी.एस. समीरन ने कहा, “पिछले दो दिनों से, ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन चक्रवात मुरासु के असर को कम करने के लिए पूरी तैयारी कर रहा है। आज यह चक्रवात एक ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ (severe cyclone) में बदल गया है। चूंकि चेन्नई और तिरुवल्लुर का कुछ हिस्सा आंध्र प्रदेश राज्य के बहुत करीब है, इसलिए हम खुद को इस तरह तैयार कर रहे हैं कि हम इस गंभीर चक्रवाती तूफान के बाहरी दायरे में आएं।”
किसने दिया चक्रवात मुरासु का नाम
चक्रवात मुरासु का नाम भारत ने दिया है। तमिल भाषा में मुरासु का मतलब ‘युद्ध का नगाड़ा’ होता है। मुरासु ने 1 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का रूप लिया था। 24 घंटे के अंदर यह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। देश में एक हफ्ते के अंदर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवात है। इससे पहले 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब आया था।
चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में छह लोगों की मौत हुई थी। साथ ही, 31 घरों को भारी नुकसान हुआ था और 57 हजार लोगों को शिफ्ट किया गया। तूफान की वजह से कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और 21 फ्लाइट्स भी कैंसिल हुई।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश के 13 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट, भारी बारिश से बढ़ा खतरा
आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के साइक्लोन वार्निंग सेंटर ने बुधवार, 28 अक्टूबर को राज्य के 13 जिलों और केंद्रशासित प्रदेश यानम के लिए फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ आने का मध्यम से उच्च जोखिम जारी किया। यह चेतावनी गुरुवार सुबह 5:30 बजे तक प्रभावी रहने की बात कही गई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
