CTI Letter to Delhi Police Commissioner: चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार को पत्र लिखा है। इस पत्र में यह मांग की गई है कि 11 नवंबर (भैया दूज) तक राजधानी में किसी भी तरह के धरने, प्रदर्शन, रैली या प्रोटेस्ट मार्च की अनुमति बिल्कुल न दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर फिर भी किसी विरोध प्रदर्शन से व्यापार प्रभावित होता है, तो व्यापारी अपनी दुकान की चाबियां विरोध प्रदर्शन के आयोजकों को भी सौंप देंगे।
सीटीआई के अनुसार, पिछले एक महीने के दौरान दिल्ली के मुख्य इलाकों में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के कारण व्यापार जगत को लगभग 14,000 करोड़ रुपये का भारी-भरकम नुकसान उठाना पड़ा है। संगठन का कहना है कि अब दिल्ली का व्यापारी वर्ग और अधिक आर्थिक नुकसान उठाने की स्थिति में नहीं है।
14000 करोड़ रुपये का व्यापारिक घाटा
सीटीआई द्वारा दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 के बीच हुए प्रदर्शनों से कुल 14,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें से 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर के बीच जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और जनपथ जैसे इलाकों में रोजाना हुए छोटे-बड़े प्रदर्शनों के कारण सेंट्रल दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
इससे कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, खान मार्केट और करोल बाग के रिटेल व्यापार, होटल-रेस्टोरेंट और परिवहन व्यवस्था को लगभग 3,000 करोड़ रुपये का सीधा नुकसान झेलना पड़ा है।
महारैली से ठप रहा थोक और खुदरा कारोबार
एक नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित महारैली के कारण केवल एक दिन में ही 11,000 करोड़ रुपये का भारी व्यापारिक नुकसान हुआ है। रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, सदर बाजार और दरियागंज जैसे प्रमुख बाजारों की लगभग तीन लाख दुकानों में से करीब ढाई लाख दुकानें पूरी तरह बंद रहीं और 80 प्रतिशत व्यापार पूरी तरह ठप हो गया।
इस महारैली के कारण आसपास के राज्यों के सैकड़ों शहरों से आने वाले तीन से चार लाख ग्राहक पैनिक फैलने के कारण दिल्ली नहीं आ सके।
किन्हें हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
इस विरोध प्रदर्शन और जाम के कारण ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी 1,500 करोड़ रुपये का बड़ा झटका लगा है, जिससे रामलीला मैदान के 10 किलोमीटर के दायरे में लोडिंग-अनलोडिंग और माल की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। इसके अलावा सेंट्रल दिल्ली के दो हजार से अधिक होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट की बुकिंग रद्द होने से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
साथ ही, बाजारों में काम करने वाले लगभग 20 लाख कर्मचारियों, लोडर, ई-रिक्शा चालकों और कुलियों की एक दिन की दिहाड़ी मारी जाने से अनौपचारिक क्षेत्र को 200 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
व्यापारियों की चेतावनी, अब सौंप देंगे दुकानों की चाबियां
सीटीआई ने अपनी चिंताओं को रखते हुए बताया है कि 6 नवंबर को धनतेरस, 8 नवंबर को दिवाली और 11 नवंबर को भैया दूज का त्योहार है, जो अगले 10 दिन व्यापारियों के लिए सालभर की कमाई का सबसे बड़ा मौका होते हैं।
संगठन ने मांग की है कि रैलियों के लिए बुराड़ी, अलीपुर या जसोला जैसे वैकल्पिक मैदानों का उपयोग किया जाए और दिवाली तक यातायात सुचारू रखा जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि अब भी रैलियां जारी रहीं और व्यापार प्रभावित हुआ, तो व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां इन विरोध प्रदर्शनों के आयोजकों को सौंपने पर मजबूर हो जाएंगे।
राहुल गांधी और विपक्ष के कई नेताओं से की थी रैली टालने की गुहार
आपको बता दें कि विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान की रैली को लेकर सीटीआई ने एक नहीं बल्कि कई बार राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को पत्र लिखा था।
सीटीआई ने मांग की थी कि रैली को 10 नवंबर के बाद के लिए टाल दिया जाए। हालांकि, वह रैली सारी मांगों कें बावजूद संपन्न हुई थी। अब सीटीआई का दावा है कि केवल उसी रैली वाले दिन ही व्यापारियों को करीब 11 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: त्योहारों की खुशियां या सेहत से खिलवाड़? दिल्ली में ग्रीन क्रैकर्स की अनुमति पर टिकी निगाहें
देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या हर साल सर्दी का मौसम आते ही गंभीर हो जाती है। दूषित हवा में सांस लेना स्थानीय लोगों की सेहत के जोखिम को बढ़ा देता है। पढ़िए पूरी खबर…
