पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में बुधवार दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग हो चुकी है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि सीआरपीएफ भाजपा को बचाने में जुटी है। ममता ने कोलकाता में कहा कि किसी बूथ पर बंगाल पुलिस नहीं है, सीआरपीएफ ने सब कब्जे में ले लिया है।
ममता बनर्जी ने कहा कि कल रात से ही सीआरपीएफ के अत्याचार शुरू हो गए। उन्होंने हमारे कई लोगों को गिरफ्तार किया है। वे वोटरों और सेंट्रल ऑब्सर्वर लोगों को मार रहे हैं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। उन्हें सीमा की सुरक्षा करनी चाहिए, लेकिन वे एक पार्टी की रक्षा कर रहे हैं।
टीएमसी चीफ ने कहा कि CRPF इस तरह लोगों को परेशान नहीं कर सकती। यहां राज्य पुलिस नहीं है, इन्हें सीमा की रक्षा करनी चाहिए लेकिन इसकी जगह वे एक राजनीतिक दल की रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूं और इस बार इतना अत्याचार हो रहा है… इन्होंने महिलाओं, बच्चों को मारा… राणाघाट, कल्याणी, आरमबाग़, घोघाट, कैनिंग, इन सभी जगहों पर इन्होंने एजेंट को बाहर कर दिया। क्या यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव है?
बनर्जी ने कहा कि CRPF के लोग और सेंट्रल ऑब्सर्वर लोगों को मार रहे हैं, उन्होंने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। कल रात से उन्होंने अत्याचार शुरु किया। हमारे कितने लोगों को उन्होंने हिरासत में लिया। यह न्यायालय की अवमानना है, मैंने कभी इस तरह का लोकतंत्र नहीं देखा… हमारी जीत होगी, TMC जीत रही है।
नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “ममता बनर्जी डरी हुई हैं। उनकी पुलिस को केंद्रीय बलों से बदल दिया गया है, इसलिए वह घबराई हुई हैं। चुनाव आयोग ने यहां सीएपीएफ तैनात किए हैं, तो अगर उन्हें कोई समस्या है तो उन्हें निर्वाचन आयोग के पास जाना चाहिए। उनके साथ 40-50 लोग क्यों आए हैं?”
अधिकारी ने आगे कहा, “आज मतदाताओं का दिन है। मैंने यह साफ कर दिया है और जहां जरूरत होगी वहां जाऊंगा। इस बार किसी को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों को वोट डालने दिया जाना चाहिए। मैं भवानीपुर से कम से कम 30,000 वोटों के अंतर से जीतूंगा।”
टीएमसी चीफ ममता बनर्जी आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं। लेकिन इस बार परंपरा को तोड़ते हुए वह सुबह आठ बजे से पहले ही भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने निकल पड़ीं, जिससे इस सीट और दक्षिण बंगाल की बड़ी राजनीतिक लड़ाई का संकेत मिला।
क्या टीएमसी सत्ता बरकरार रखेगी या बीजेपी बनाएगी अपनी पैठ?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का बुधवार को दूसरे चरण का मतदान जारी है। अभी यह देखना बाकी है कि क्या टीएमसी सत्ता बरकरार रख पाएगी या भारतीय जनता पार्टी अपनी पकड़ मजबूत कर पाएगी। पढ़ें पूरी खबर।
