Kerala ED Raids: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर ईडी के अधिकारियों के वाहनों पर हमला किया। सीपीआईएम के कार्यकर्ताओं ने ईंट और पत्थर से अधिकारियों की कार के शीशे तोड़ दिए।

पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के दौरान उस वाहन को निशाना बनाया गया जिसमें महिला अधिकारी भी सवार थीं।

ईडी ने राज्य में 10 जगह चलाया तलाशी अभियान

ईडी ने राज्य में कुल 10 परिसरों पर छापेमारी की है। इनमें राजधानी तिरुवनंतपुरम में पूर्व मुख्यमंत्री का किराये का मकान, कन्नूर की एक जगह और निजी कंपनी सीएमआरएल से जुड़े प्रमुख लोगों के आवास शामिल हैं। यह कार्रवाई विजयन की बेटी टी वीणा के खिलाफ सीएमआरएल धनशोधन मामले की जांच के तहत की गई।

ईडी के अनुसार पीएमएलए के तहत 2024 में दर्ज मामले में आरोप है कि सीएमआरएल ने 2017 से 2020 के बीच वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया, जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…

मार्क्सवादी कम्यनिस्ट पार्टी के महासचिव ने क्या आरोप लगाया?

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एम ए बेबी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य के आवासों पर ईडी की छापेमारी राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने इसे ‘घृणित हमला करार दिया। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बेबी ने कहा कि माकपा जनता के सामने साबित करेगी कि यह तलाशी राजनीतिक उद्देश्य से ली गई है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्तमान मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के मंत्रिमंडल के दो मंत्रियों को भी कथित तौर पर कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड से पैसा मिला था और उसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम माकपा या विजयन को डरा नहीं पाएंगे और जिस किसी ने भी ऐसा सोचा है, वह पार्टी या उसके नेता को अच्छी तरह से नहीं जानता है। माकपा नेता बेबी ने विजयन के अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान जब विजयन विधायक थे, तब उन्हें गिरफ्तार किया गया था और उन्हें पुलिस की बर्बर मारपीट का सामना करना पड़ा था।