scorecardresearch

‘देश ने 1984 का काला धब्बा भी देखा…’, PM मोदी बोले- 2 सीट से शुरू हुआ सफर आज 303 सीटों तक पहुंचा

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय जनसंघ ने दिल्ली के अजमेरी गेट के पास एक छोटे से ऑफिस से अपनी यात्रा शुरू की थी।

MODI | PM MODI | BJP
PM MODI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फोटो सोर्स: @BJP4India)

PM Modi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के विस्तार का शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (28 मार्च, 2023) जहां भाजपा की खूबियां गिनाईं तो वहीं विपक्ष पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि 2018 में जब हम कार्यालय का लोकार्पण करने आए थे, तब हमने कहा कि इस कार्यालय की आत्मा हमारे कार्यकर्ता हैं। हम पार्टी के सभी संस्थापक सदस्यों का सिर झुकाकर नमन करते हैं। यह यात्रा संकल्प और शिखर की यात्रा है। मोदी ने कहा कि भारतीय जनसंघ ने दिल्ली के अजमेरी गेट के पास एक छोटे से ऑफिस से अपनी यात्रा शुरू की थी। 1980 में जब भाजपा का जन्म हुआ, तब कुछ दिन के लिए राजेंद्र प्रसाद मार्ग पर पार्टी ऑफिस था। मोदी ने कहा कि हम तो वो दल हैं, जिसने आपातकाल के दौरान खुद को साबित किया। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1984 में जो हुआ, उस काले धब्बे को देश कभी भूल नहीं सकता। जानिए प्रधानमंत्री की बड़ी बातें।

  1. भाजपा का दो लोकसभा सीट के साथ शुरू हुआ सफर साल 2019 में 303 सीटों तक पहुंच गया। परिवारवादी पार्टियों के बीच भाजपा युवाओं को मौका देती है। देश की माताओं-बहनों का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। हमारा लक्ष्य भविष्य के आधुनिक-विकसित भारत का निर्माण करना है। भाजपा आज एक मात्र पैन इंडिया पार्टी है।
  2. आज भाजपा की पहचान दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण दल के रूप में होने लगी है। जिस दल ने हमें गढ़ा उसकी दुनियाभर में पहचान हो रही है। आज भाजपा केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी नहीं है, बल्कि भाजपा भारत की सबसे futuristic पार्टी है। हमारा एक ही लक्ष्य है-भविष्य के आधुनिक और विकसित भारत का निर्माण करना।
  3. BJP केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है…BJP एक व्यवस्था है, BJP एक विचार है, BJP एक संगठन है, BJP एक आंदोलन है। भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जिसने पार्टी की व्यवस्था में संवैधानिक रूप से महिलाओं के लिए पद की व्यवस्था की है। भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं को नए अवसर देने के लिए निरंतर तत्पर रहती है।
  4. आज कई राज्यों में हमें 50% से ज्यादा वोट मिलते हैं। आज उत्तर से दक्षिण तक.. पूरब से पश्चिम तक, भाजपा एकमात्र पैन इंडिया पार्टी है। आज से कुछ दिन बाद हमारी पार्टी अपना 44वां स्थापना दिवस मनाएगी। ये यात्रा एक अनथक और अनवरत यात्रा है, ये यात्रा परिश्रम की पराकाष्ठा की यात्रा है, ये यात्रा समर्पण और संकल्पों की शिखर की यात्रा है,ये यात्रा विचार और विचारधारा के विस्तार की यात्रा है।
  5. भाजपा को डगर-डगर पर भाई-भतीजावाद से लड़ना है। भारत की सीमा ही हमारे कार्यों की सीमा है। हमने विकसित भारत का लक्ष्य रखना है। आज विपक्ष और विदेशी ताकतें भारत की यात्रा को रोक रही हैं।
  6. हमारे पास संवैधानिक संस्थाओं का मजबूत आधार है। इसलिए भारत को रोकने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। कार्रवाई करने पर एजेंसियों पर हमले हो रहे हैं, अदालतों पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ पार्टियों ने ‘भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान’ अभियान छेड़ रखा है। आज भ्रष्टाचार में लिप्त जितने भी चेहरे हैं, आज वो सब एक मंच पर आ रहे हैं। भ्रष्टाचार पर कार्रवाई से कुछ लोग नाराज हैं।
  7. सात दशक में पहली बार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। जब हम इतना करेंगे तो कुछ लोग परेशान होंगे और नाराज होंगे लेकिन उनके (विपक्ष) झूठे आरोपों से भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं रुकेगी।
  8. कुछ लोगों ने कांग्रेस शासन के दौरान बैंकों को जमकर लूटा। आज भाजपा सरकार ने इन लोगों की करीब करीब 20 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त करवा दी है।
  9. बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार से घिरे सैकड़ों अधिकारियों को जबरन घर भेजा गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।आजादी के पहली बार भ्रष्टाचार पर ऐसी चोट हो रही है।
  10. हमने एक छोटी से ऑफिस से अपनी यात्रा शुरू की थी। हमारे सपने बड़े थे दल छोटा था। हम निराश नहीं हुए हताश नहीं हुए। हम लोगों ने किसी और में दोष नहीं खोजा। हमने अपने संगठन को मजबूत बनाया, तब जाकर हम आज यहां पहुंचे हैं।

पढें राष्ट्रीय (National News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 28-03-2023 at 20:11 IST