अब आम आदमी डॉक्टर के पर्चे के बिना मेडिकल स्टोर से ‘सिरप’ नहीं खरीद सकेगा। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसको लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, खांसी की सिरप समेत सभी ‘सिरप’ अब बिना डॉक्टर की पर्ची के नहीं मिलेंगी। किसी भी सिरप के लिए अब डॉक्टर से लिखवाना जरूरी होगा।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अब ‘सिरप’ श्रेणी की दवाएं बिना डॉक्टर के पर्चे के नहीं बेची जा सकेंगी। यह बदलाव Drugs Rules, 1945 में संशोधन के जरिए किया गया है। मंत्रालय की ओर से 9 जून 2026 को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नियमों की अनुसूची-K में सूचीबद्ध दवाओं से “सिरप” शब्द को हटा दिया गया है। यह संशोधन राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से प्रभावी हो गया है।

सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम भारत और दूसरे देशों में खराब क्वालिटी वाले कफ सिरप के कई मामलों के सामने आने के बाद उठाया गया है। इनकी वजह से कुछ समय पहले मध्य प्रदेश में बच्चों की मौतें हुईं।

मध्य प्रदेश में मामले सामने आने के ठीक बाद पिछले साल नवंबर में ड्रग्स रेगुलेटर की ‘ड्रग कंसल्टेटिव कमिटी’ की बैठक में इस मामले पर चर्चा हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों की समिति ने प्रस्ताव रखा गया कि कफ सिरप के मामले में, शेड्यूल K के तहत दी गई छूट को हटा दिया जाए। DCC ने इस मामले पर विचार-विमर्श किया और प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

कमेटी ने इस बात पर भी गौर किया कि क्या सिरप बनाने के लिए प्रोपलीन ग्लाइकॉल के अलावा दूसरे एक्सिपिएंट्स (excipients) का इस्तेमाल किया जा सकता है क्योंकि प्रोपलीन ग्लाइकॉल को ही एथिलीन ग्लाइकॉल और डाइएथिलीन ग्लाइकॉल जैसे दूषित पदार्थों का स्रोत माना जाता है।

सबसे जरूरी बात यह है कि खांसी की सिरप के लिए डॉक्टर का पर्चा जरूरी करने से यह पक्का हो जाएगा कि बच्चे डेक्सट्रोमेथोरफन (dextromethorphan) जैसी दवाएं न लें। यह चार या छह साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नहीं बनी हैं क्योंकि इनसे बच्चों में सांस लेने में गंभीर दिक्कत हो सकती है और उनकी मौत भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें: जहरीला कफ सिरप: कोल्ड्रिफ प्रिस्क्राइब करने के लिए 10% कमीशन खा रहे थे डॉक्टर

मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार, डॉक्टर प्रवीण सोनी को कथित रूप से श्रीसन फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरर से 10% कमीशन मिल रहा था। इसी कमीशन के चलते वे लगातार Coldrif सिरप प्रिस्क्राइब कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें