Coronavirus in India HIGHLIGHTS: यूपी में कोरोना के करीब 2.5 हजार मामले, हर पांचवां मरीज आगरा का, 3 दिन में आए 111 केस
देश में कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है, यहां 11 हजार से ज्यादा केस कन्फर्म हैं, वहीं 485 लोगों की मौत भी हुई है।

Coronavirus India Lockdown Extension HIGHLIGHTS: देशभर में कोरोनावायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस से संक्रमण के मामले 2500 के आंकड़े के करीब हैं। राज्य के 500 केस अकेले आगरा से हैं। यानी राज्य का हर पांचवा पीड़ित आगरा का है। चौंकाने वाली बात यह है कि यहां पिछले तीन दिन में ही 111 नए पीड़ित सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 7 हजार लोगों के टेस्ट सैंपल्स जुटाए जा चुके हैं। यानी संक्रमण की दर 7.1 फीसदी ही है। जिले में अब तक 15 लोगों की संक्रमण से जान गई है, जबकि 126 लोगों को ठीक होने के बाद घर भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि देश में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या में एक दिन का सबसे बड़ा उछाल आया है। शुक्रवार से लेकर शनिवार के बीच पिछले 24 घंटे में देश में संक्रमण के 2293 मामले दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार सुबह तक देश में पीड़ितों की संख्या 35 हजार से कुछ ही ज्यादा थी। लेकिन शनिवार सुबह तक यह 37 हजार के पार पहुंच गई। इसी के साथ देश में मृतकों की संख्या भी 1200 से ज्यादा पहुंच चुकी है। यह आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार हैं।
देश में कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में करीब 1 हजार केस दर्ज हुए हैं। यहां अब संक्रमितों की संख्या 11 हजार 506 हो गई है। वहीं 485 मरीजों की संक्रमण से जान चली गई है। प्रभावित राज्यों में दूसरा नंबर गुजरात का है, जहां अब तक 4721 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है और 236 की जान गई है। दिल्ली में 3738 केस हैं और 61 लोगों की जान गई है।
Follow Jansatta Covid-19 tracker
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के 26,167 एक्टिव केस हैं, जबकि 9950 लोग स्वस्थ हो गए और एक मरीज देश छोड़कर चला गया। कुल संक्रमितों में 111 विदेशी नागरिक शामिल हैं। गुरुवार शाम से लेकर अब तक महाराष्ट्र में 27, गुजरात में 17, पश्चिम बंगाल में 11, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सात-सात और दिल्ली में तीन लोगों की मौत हुई है।
बिहार से जुड़ी कोरोना की सभी खबरें जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
Highlights
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शनिवार को राज्य के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। इसमें उन्होंने कोरोना के मद्देनजर पैदा हुए हालात पर चर्चा की। मीटिंग में सरकार ने फैसला किया है कि राज्य में बाहर से आने वाले प्रवासियों का और कर्नाटक ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस इस्तेमाल कर गांव लौट रहे लोगों से सिर्फ एक तरफ का ही किराया लिया जाएगा।
जम्मू कश्मीर में कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में सेना स्थानीय लोगों की मदद में जुटी है। अब सेना ने बडगाम में एक डेडिकेटेड कोरोनावायरस हेल्थ सेंटर स्थापित किया है। इसे चिनार कॉर्प्स के अंतर्गत आने वाले रंगरेथ ओल्ड एयर फील्ड में शरू किया गया। इस फैसिलिटी में एक समय में 250 मरीजों का इलाज हो सकेगा।
पंजाब में कोरोनावायरस का खतरा बढ़ा है। राज्य में महाराष्ट्र के नांदेड़ से लौटे 3100 श्रद्धालुओं में से अब तक 314 की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में ही 165 नए संक्रमण के मामले आए हैं, इनमें से 127 श्रद्धालु ही हैं। इसी के साथ पंजाब में अब संक्रमितों की संख्या 700 के पार पहुंच गई है।
बिहार सरकार ने फैसला किया है कि वह राज्य लौटने वाले प्रवासियों को 14 की जगह अब 21 दिन क्वारैंटाइन किया जाएगा। नए फैसले के मुताबिक, प्रवासियों को पंचायत और ब्लॉक स्तर पर बनाए गए क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। क्वारैंटाइन पूरा होने के बाद उन्हें स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी और बाद में इसी के आधार पर सरकार प्रवासियों को काम भी मुहैया कराएगी।
रेल मंत्रालय की तरफ से श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाए जाने के बाद से दर्जनभर राज्यों ने प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए आवेदन कर दिया है। शनिवार को महाराष्ट्र के नासिक से मध्य प्रदेश के लिए ट्रेन चलाई गई थी। अब नासिक से ही उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए भी 839 प्रवासियों से भरी एक ट्रेन भेजी गई है।
कर्नाटक सरकार ने एक आईएएस अफसर मोहम्मद मोहसिन को तब्लीगी जमात के सदस्यों के कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा डोनेशन पर ट्वीट करने के लिए शो-कॉज नोटिस जारी किया है। मोहसिन इस वक्त सरकार में पिछड़ा कल्याण विभाग में सचिव के पद पर तैनात हैं।
भारतीय रेलवे के एक अधिकारी ने बताया है कि देश में प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए हमने श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने का नीतिगत फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि जोनल रेलवे राज्य सरकारों की मांग के अनुसार इन ट्रेनों को चलाएंगी। स्थानीय डीएम और डीआरएम इस मामले में सहयोग करेंगे। जोन के चीफ पीआरओ इस बारे में ज्यादा जानकारी मुहैया करा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच अब दूसरे राज्यों के लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन का सिरदर्द बढ़ा है। दरअसल, महाराष्ट्र से पैदल चलकर झांसी तक आए मजदूरों को यूपी सरकार ने बसों के जरिए उनके घरों तक पहुंचाया था। अब इनमें बस्ती पहुंचे 7 मजदूरों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बस्ती के डीएम ने शनिवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र सरकार ने 74 बसें भेजकर राजस्थान के कोटा में फंसे छात्रों को निकाला है। सभी की पुणे स्थित स्वर गेट बस स्टैंड पर स्क्रीनिंग हुई और उन्हें घर मे ही 14 दिन के लिए क्वारैंटाइन रहने के निर्देश दिए गए।
राजस्थान में कोरोनावायरस से आज तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 नए संक्रमित सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में अब तक 65 पीड़ितों की मौत हो चुकी है और कुल 2678 संक्रमण के मामले दर्ज हुए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि 1116 लोग ठीक भी हुए हैं और इनमें से 714 को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
पंजाब के मोहाली में शनिवार को कोरोना से दो और लोग संक्रमित पाए गए। बताया गया है कि यह सैंपल्स फ्लू कॉर्नर से लिए गए थे, जो कि अलग-अलग जगहों पर स्थापित किए गए हैं। अब इन लोगों को आइसोलेशन में रखा जाएगा और इन लोगों के संपर्क की खोज शुरू होगी। इसी के साथ मोहाली में संक्रमितों की संख्या 94 पहुंच चुकी है।
देश में कोरोनावायरस से मौतों और संक्रमितों के बढ़ने का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2293 नए मामले सामने आए हैं, जो कि एक दिन में नए केस का रिकॉर्ड है। इसके अलावा 71 लोगों की मौत भी हुई है। इसी के साथ देश में अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 1218 हो गई है। वहीं संक्रमितों की संख्या 37,336 पहुंच गई।
छत्तीसगढ़ सरकार के नोडल ऑफिसर सोनमनी बोराह ने बताया है कि उन्हें अब तक राज्य के बाहर अपने करीब 1 लाख 9 हजार लोगों के फंसे होने की बात पता चली है। उन्होंने कहा कि अभी हमें यह नहीं पता कि इनमें से कितने लोग लौटेंगे। प्रशासन के मुताबिक, यह संख्या अभी और बढ़ भी सकती है।
रेल मंत्रालय की ओर से चलाई गई श्रमिक स्पेशल ट्रेन से शनिवार को सैकड़ों की संख्या में प्रवासी मजदूरों को महाराष्ट्र के नासिक से मध्य प्रदेश के मिसरोद रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इन यात्रियों की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है। अब इन्हें गृहनगरों की तरफ रवाना किया जाएगा, जहां एक बार फिर इनकी जांच होगी।
हरियाणा के गुड़गांव प्रशासन ने दो दिन पहले ही दिल्ली से लगे अपने बॉर्डर को सील करने का फैसला किया था। सिर्फ आवश्यक सेवाओं को ही आने-जाने की अनुमति है। जिसके चलते सरकारी कामों से जुड़े लोग और आम आदमी को सीमा से ही लौटा दिया जा रहा है। शनिवार को बंदी के बीच लोगों के सीमा से ही लौटने का सिलसिला जारी रहा।
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित गौतमपुरा इलाके में शुक्रवार को लॉकडाउन के बीच एक जोड़े ने शादी रचाई। लड़के के बड़े भाई का कहना है कि उनके पिता कैंसर के मरीज हैं और वे अपने छोटे बेटे की शादी को देखना चाहते थे। इसके चलते ही जिला प्रशासन ने शादी के लिए अनुमति दे दी थी।
दिल्ली की गाजीपुर मंडी में सैकड़ों की संख्या में लोग सब्जी और फलों की खरीदारी के लिए जुटे। इस दौरान न तो लॉकडाउन और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का ही ठीक ढंग से पालन हुआ। प्रशासन भी अपने इंतजामों में बेबस नजर आया।
कर्नाटक में शुक्रवार को कोविड-19 के 24 नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 589 हो गई। इसके अलावा संक्रमण के कारण शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 23 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। वहीं बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने सार्वजनिक और कार्य स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया। निकाय ने सार्वजनिक स्थलों पर थूकने, शौच करने और कचरा फेंकने पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया कि राज्य में कोविड-19 के कुल 589 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें 23 मरीजों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि दावणगेरे के 69 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 23 हो गई। उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति श्वसन संबंधी बीमारी, मधुमेह और हृदय संबंधी बीमारी से भी पीड़ित था। वह वेंटिलेटर पर था और दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। इस बीच केंद्र की ओर से जारी सूची के अनुसार कर्नाटक के तीन जिलों- बेंगलुरु शहरी, मैसूरु और बेंगलुरु ग्रामीण को रेड जोन में रखा गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड-19 के मरीजों का उपचार नहीं कर रहे अस्पतालों में कार्यरत स्वास्थ्यसेवा र्किमयों द्वारा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) के तर्कसंगत इस्तेमाल को लेकर शुक्रवार को अतिरिक्त दिशा-निर्देश जारी किए। मंत्रालय ने बताया कि कम, मध्यम या अधिक खतरे वाले क्षेत्रों में किस प्रकार से पीपीई का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।मंत्रालय के अस्पताल के विभिन्न विभागों को कम, मध्यम एवं अधिक खतरे वाले क्षेत्रों में विभाजित किया है। दिशा-निर्देशों के अनुसार उच्च जोखिम वाले विभागों में पीपीई के सभी घटकों का प्रयोग किया जाना चाहिए जबकि कम खतरे वाले विभागों में तिहरी परत वाला मास्क और दस्ताने पहनने अनिवार्य हैं। इसके अलावा सैनिटाइजर का बार-बार इस्तेमाल करने और सामाजिक दूरी का पालन करने की हिदायत दी गई है। मध्यम खतरे वाले विभागों में एन-95 मास्क, चश्मे और दस्ताने पहनने की सलाह दी गई है।
दिल्ली सरकार जिले के बजाय प्रत्येक वार्ड के अनुसार कोरोना वायरस के मामलों को वर्गीकृत करने की योजना बना रही है। इससे राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्से रेड जोन की श्रेणी से बाहर आ सकते हैं और तीन मई के बाद लॉकडाउन में ढील देने की उम्मीद बढ़ सकती है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वर्तमान में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी 11 जिलों को रेड जोन में दर्शाया हुआ है। शहर में कुल 272 वार्ड हैं। सूत्रों ने कहा कि उपराज्यपाल अनिल बैजल ने विभागों का निर्देश दिया है कि वे वार्ड के अनुसार रेड, आॅरेंज और ग्रीन जोन की विस्तृत योजना तैयार करें। एक अधिकारी के मुताबिक, जिस इलाके में तीन या अधिक मामले हैं, उसे रेड जोन घोषित किया गया है जबकि एक या दो मामले वाले इलाके को ऑरेंज जोन में रखा गया है। बैजल की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य सचिव पद्मिनी सिंगला ने कोविड-19 के मामलों के स्थानिक वितरण, निषिद्ध क्षेत्रों और वार्ड के अनुसार रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन से संबंधित विस्तृत विश्लेषण पेश किया।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस बारे में रिपोर्ट दें कि क्या तिहाड़ जेल में कोई कोविड-19 संक्रमित मरीज है और क्या वहां सामाजिक दूरी के नियमों का पालन हो रहा है। स्वास्थ्य कारणों से जमानत की मांग कर रही 62 वर्षीय एक महिला की याचिका पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति विपिन सांघी और न्यायमूर्ति योगेश खन्ना की एक पीठ ने यह निर्देश दिये। यह बुजुर्ग महिला अपनी दहेज के लिये अपनी बहू की हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रही है। अदालत ने नोटिस जारी करते हुए अधिकारियों से कहा कि वे महिला की अंतरिम जमानत याचिका पर जेल के अस्पताल द्वारा तैयार उसकी नवीनतम स्वास्थ्य रिपोर्ट के साथ जवाब दायर करें। पीठ ने अपने आदेश में कहा, ‘‘स्थिति रिपोर्ट में इस बात का स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए कि जेल परिसर के अंदर कोई कोविड-19 मरीज है या नहीं तथा क्या जेल में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन हो रहा है। अदालत ने इस मामले में आगे की सुनवाई के लिये आठ मई की तारीख तय की है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 223 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत भी हुई हैं। इन आंकड़ों के आधार पर राजधानी दिल्ली में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 3738 हो गई है।
मई 17 तक सभी यात्री ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया गया। 'श्रमिक स्पेशल ट्रेनों' द्वारा विभिन्न स्थानों पर फंसे प्रवासी श्रमिकों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, छात्रों और अन्य व्यक्तियों की आवाजाही जारी रहेगी। माल ढुलाई और पार्सल ट्रेन परिचालन जारी रहेगा। रेल मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी।
मुंबई में शुक्रवार को सबसे अधिक कोरोना वायरस के मामले सामने आए। एक दिन में 751 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 7625 हो गई है।
देश में लागू लॉकडाउन के दूसरे चरण के समाप्त होने से पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर में 130 जिलों को रेड जोन, 284 को ऑरेंज जोन और 319 को ग्रीन जोन घोषित किया है। इन इलाकों में कोविड-19 मामलों की संख्या, मामलों के दोगुना होने की दर, जांच की क्षमता और निगरानी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर इन्हें श्रेणीबद्ध किया गया है। ‘कंटेनमेंट ऑपरेशन’ के लिए जिलों के इस वर्गीकरण को राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा तीन मई से अपनाया जाएगा। तीन मई को लॉकडाउन का दूसरा चरण समाप्त हो रहा है। इस सूची को हर सप्ताह या उससे पहले भी संशोधित किया जाएगा और इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए राज्यों को सूचित किया जाएगा। इस नए वर्गीकरण में मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे महानगर शहरों को रेड जोन में रखा गया है। कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में 30 अप्रैल को राज्यों के मुख्य सचिवों और स्वास्थ्य सचिवों के साथ की गई वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद जिलों के इस नए वर्गीकरण की घोषणा की गई।
महाराष्ट्र: लखनऊ, उत्तर प्रदेश और भोपाल, मध्य प्रदेश के लिए 'श्रमिक स्पेशल ट्रेनें' से अपने राज्य लौटने के लिए प्रवासी मजदूर नासिक रेलवे स्टेशन पर पहुंचने लगे हैं।
गौतमबुद्ध नगर में शुक्रवार को कोविड-19 के 17 नए मामले सामने आए जिससे जिले में अब कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 155 हो गई है। 90 मरीज अब तक यहां के विभिन्न अस्पतालों से ठीक होकर घर जा चुके हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना वायरस के 333 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें 17 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि आज जहां मरीज पाए गए हैं, उन जगहों को सील कर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग वहां संक्रमणमुक्ति का कार्य कर रहे हैं।
शराब की दुकानों और पान की दुकानों को एक दूसरे से न्यूनतम छह फीट की दूरी सुनिश्चित करते हुए ग्रीन जोन में कार्य करने की अनुमति दी जाएगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि दुकान पर एक बार में 5 से अधिक व्यक्ति मौजूद न हों।
स्वास्थ्य मंत्रालाय की प्रेस ब्रिफिंग के दौरान बताया गया कि पिछले 24 घंटे में भारत में 1,993 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिससे कुल मामले 35,043 हो गई है, इसमें से 25,007 मामले सक्रिय हैं। जबकि पिछले 24 घंटे में 564 लोग ठीक हो चुके हैं, जिससे ठीक होने वालों की कुल संख्या 8,888 हो चुकी है, देश की रिकवरी रेट 25.37% हो चुकी है।संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने इस बात की जानकारी दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से अब भी 25,007 लोग संक्रमित हैं जबकि 8,888 लोग स्वस्थ हो गए और एक मरीज देश छोड़कर चला गया। कुल 35,043 संक्रमितों में 111 विदेशी नागरिक शामिल हैं। बृहस्पतिवार शाम से लेकर अब तक महाराष्ट्र में 27, गुजरात में 17, पश्चिम बंगाल में 11, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सात-सात और दिल्ली में तीन लोगों की मौत हुई है।
बिहार में कोरोना वायरस के 16 और मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 466 हो गई है। बिहार के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) संजय कुमार ने इस बात की जानकारी दी।
नॉर्थ-ईस्ट जिले के खजूरी खास पुलिस स्टेशन के 2 पुलिसकर्मियों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। 4 कांस्टेबल जो उनके साथ एक ही बैरक में रह रहे थे, उनका परीक्षण किया गया और उन्हें तुरंत क्वारंटाइन में भेज दिया गया।
कोरोना वायरस से तमिलनाडु में 27, तेलंगाना में 26 लोगों की मौत हुई जबकि कर्नाटक में 21 लोगों की मौत हुई। पंजाब में अभी तक 19 लोगों की मौत हुई है जबकि जम्मू कश्मीर में आठ, केरल में चार, झारखंड और हरियाणा में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से बिहार में दो लोगों की जान गई जबकि मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
देश में संक्रमण के सबसे अधिक 10,498 मामले महाराष्ट्र में हैं। इसके बाद गुजरात में 4,395, दिल्ली में 3,515, मध्य प्रदेश में 2,660 मामले सामने आए। राजस्थान में संक्रमित लोगों की संख्या 2,584 पर पहुंच गई, तमिलनाडु में 2,323 और उत्तर प्रदेश में 2,203 लोग संक्रमित पाए गए। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 1,403 और तेलंगाना में 1,038 हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 795, जम्मू कश्मीर में 614, कर्नाटक में 565, केरल में 497, बिहार में 418 और पंजाब में 357 मामले सामने आए हैं। हरियाणा में इस जानलेवा विषाणु के 313 मामले सामने आए हैं जबकि ओडिशा में 142, झारखंड में 109 और उत्तराखंड में 57 मामले हैं। चंडीगढ़ में 56 मामले, असम में 42 जबकि हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अब तक 40-40 मामले सामने आए हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप पर 33 लोग संक्रमित पाए गए जबकि लद्दाख में 22 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मेघालय में कोरोना वायरस के 12 मामले सामने आए, पुडुचेरी में आठ जबकि गोवा में सात मामले सामने आए। मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो मामले सामने आए जबकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया।
देश में लागू लॉकडाउन के दूसरे चरण के समाप्त होने से पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर में 130 जिलों को रेड जोन, 284 को ऑरेंज जोन और 319 को ग्रीन जोन घोषित किया है। इन इलाकों में कोविड-19 मामलों की संख्या, मामलों के दोगुना होने की दर, जांच की क्षमता और निगरानी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर इन्हें श्रेणीबद्ध किया गया है। ‘कंटेनमेंट ऑपरेशन’ के लिए जिलों के इस वर्गीकरण को राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा तीन मई से एक सप्ताह तक अपनाया जाएगा। इस नए वर्गीकरण में मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु और अहमदाबाद जैसे शहरों को रेड जोन में रखा गया है।
2.01 करोड़ पीपीई की जरूरत है इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने 2.22 करोड़ पीपीई का आर्डर दिया। इसके अलावा देश में 19,398 वेंटिलेटर्स मौजूद हैं जबकि 60 हजार 884 वेंटिलेटर्स तैयार करने के आर्डर दिए गए हैं जिसमें से 59884 वेंटिलेटर्स घरेलू उत्पादकों द्वारा ही बनाए जाएंगे। प्रेस ब्रिफिंग के दौरान यह जानकारी दी गई।
महाराष्ट्र में पुणे में आज कोरोना वायरस से 4 और मौतों की सूचना मिली है; सभी 4 रोगी कोरोना पॉजिटिव थे। पुणे जिले में मरने वालों की कुल संख्या 99 हो गई है। पुणे स्वास्थ्य अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी।
कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक के वेंकटेश ने एक दिन पहले मैसूर जिले के बेट्टादाहल्ली इलाके में राशन बंटवाया। इस दौरान लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का जरा भी ख्याल नहीं रखा गया और सैकड़ों की संख्या में लोग राशन लेने के लिए जुट गए।
जम्मू-कश्मीर में लॉकडाउन के चलते स्थानीय लोगों की खाने की जरूरत को पूरा करने के लिए सब्जी विक्रेता नावों में ही जुटकर बाजार लगा रहे हैं। एक सब्जी विक्रेता का कहना है कि हम सुबह 5 से शाम 7 बजे मंडी लगाते हैं। यह कभी बंद नहीं होती, लेकिन लोग काफी कम आते हैं।
बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने कहा है कि हमने देश में बड़ी संख्या में फंसे अपने प्रवासी मजदूरों और छात्रों को लाने के लिए केंद्र सरकार से स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है। झा ने कहा कि अगर सिर्फ बसें ही चलती हैं तो यह सिर्फ एक-तिहाई क्षमता पर ही काम कर पाएंगी। लोग महाराष्ट्र, तमिलनाडु और भी दूर के राज्यों में फंसे हैं। उन्हें सही-सलामत घर लाना जरूरी है।
कर्नाटक में 30 अप्रैल शाम 5 बजे से लेकर आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना के 11 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 576 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 22 लोगों की कोरोना से मौत हुई है, जबकि 235 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को लॉकडाउन के चलते दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को वापस लाने पर आला-अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। गौरतलब है कि जहां कई राज्य दूसरे राज्यों से अपने मजदूरों और छात्रों को वापस ला चुके हैं। वहीं नीतीश कुमार ने लॉकडाउन और कोरोना संकट का हवाला देते हुए प्रवासियों को 3 मई से पहले वापस लाने से इनकार कर दिया था।
आंध्र प्रदेश में दो दिन तक कोरोना से कोई मौत न होने के बाद शुक्रवार को फिर दो लोगों की मौत की खबर आई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में दो लोगों की जान गई है, जबकि 60 नए मरीज सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पॉजिटिव केसों की संख्या 1463 पहुंच गई है। वहीं, कुल मृतकों का आंकड़ा 33 हो गया है।
कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए कई विधायकों द्वारा अपनी विधायक निधि से कुछ रकम वायरस से बचाव के कार्यों में खर्च करने के लिए दान दी गई थी। अब विधायक दान की गई विधायक निधि की रकम वापस मांग रहे हैं। जिससे प्रशासन भी चिंतित है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गोपामऊ विधानसभा का है। जहां के भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने अपनी विधायक निधि से 25 लाख रुपए कोरोना फंड में दिए थे। अब उन्होंने हरदोई जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कहा है कि उनके दिए पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है इसलिए उनकी विधायक निधि का पैसा वापस किया जाए। पढ़ें पूरी खबर
आंध्र प्रदेश सरकार शुक्रवार को लॉकडाउन के चलते गुजरात में फंसे मछुआरों को बसों के जरिए वापस ले आई। कृष्णा जिले में सभी बसों को चेकिंग के लिए रोका गया। इसके बाद उन्हें गंतव्य स्थानों के लिए रवाना कर दिया गया।
गुजरातः इलाकों की बैरिकेडिंग के दौरान पुलिस से भिड़े स्थानीय लोग, हुई पत्थरबाजीगुजरात में कोरोनावायरस संक्रमण के बीच प्रशासन चुस्ती दिखाते हुए प्रभावित इलाकों को सील कर रहा है। हालांकि, अब स्थानीय लोगों का गुस्सा लॉकडाउन में बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार देर रात गोधरा के पंचमहल इलाके में पुलिस और स्थानीय लोग आपस में भिड़ गए। एसपी लीना पाटिल ने बताया कि अधिकारी कुछ कंटेनमेंट जोन की बैरिकेडिंग में जुटे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी की। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
महाराष्ट्र में मुंबई के बाद पुणे कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 12 घंटों में जिले में 3 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ जिले में अब तक 95 लोग संक्रमण से जान गंवा चुके हैं। यहां संक्रमितों का आंकड़ा भी मुंबई के बाद सबसे ज्यादा है।
पंजाबः अमृतसर में खरीदारी के लिए सड़कों पर उतरी भीड़पंजाब में कोरोनावायरस के बढ़ते मामले के बीच अमृतसर में लोग बड़ी संख्या में आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए सड़कों पर एक साथ उतर आए। इसके चलते कई जगहों पर भीड़ देखी गई।
कोरोनावायरस से राजस्थान में आज 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में अब कुल मौतों की संख्या 61 हो गई है, जबकि पीड़ितों का आंकड़ा बढ़कर 2617 पर पहुंच गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सुदान ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। इसमें राज्यों में कोरोना संक्रमण के आधार पर प्रभावित जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के आधार पर बांटने की बात कही गई है। पत्र में लिखा है कि चूंकि देश में रिकवरी रेट काफी बेहतर हैं, इसलिए अब जिलों को मानकों के आधार पर अलग-अलग जोनों में बांटा जाएगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर प्रदेश के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने पहुंचे। यहां उद्धव और राज्यपाल समेत उनके स्टाफ के लोगों ने भी सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा और मास्क लगाकर एक-दूसरे से भेंट की।