महाराष्ट्र में फिर भयावह रूप ले रहा कोरोना? एक ही स्कूल में 186 स्टूडेंट हुए पॉजिटिव
महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए कई शहरों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया गया है। लातूर में 27 और 28 फरवरी को जनता कर्फ्यू लगाया जाएगा।

महाराष्ट्र में एक बार फिर से कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। राज्य में करीब चार महीने बाद संक्रमण के लगभग 9 हजार मामले सामने आए हैं। वाशिम जिले के एक होस्टल में 186 स्टूडेंट पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए अधिकतर स्टूडेंट अमरावती और यवतमाल जिले से हैं। होस्टल में काम करने वाले तीन लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। इस होस्टल में 327 छात्र रहते हैं।
मुंबई में एक दिन में एक हजार से अधिक केस: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 119 दिन बाद बुधवार को 1000 हजार से अधिक मामले पाए गए। मुंबई में 1167 कोरोना के मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा मुंबई में कोरोना से चार लोगों की मौत की भी खबर है। मंगलवार को मुंबई में 643 नए कोरोना मामले पाए गए थे। इससे पहले 22 फरवरी को 921 मामले और 20 फरवरी को 897 मामले पाए गए थे।
महाराष्ट्र के कई शहरों में कर्फ्यू: राज्य में तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए कई शहरों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया गया है। बुधवार को लातूर के जिला प्रशासन ने जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ने के कारण 27 और 28 फरवरी को जनता कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। लातूर में बुधवार को 98 नए मामले सामने आए थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय चिंतित: महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय चिंतित है। मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि देश में कुल एक्टिव मामले नियंत्रण में हैं और 1.50 लाख से नीचे बने हुए हैं। लेकिन महाराष्ट्र समेत कुछ राज्यों में संक्रमण में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। मंत्रालय ने कहा है कि देश के कुल सक्रिय कोरोना मामलों के 37 प्रतिशत एक्टिव कोरोना मामले अकेले महाराष्ट्र में हैं।
दिल्ली में बढ़ी सतर्कता: देश के कई राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद दिल्ली में सतर्कता बढ़ा दी गयी है। देश के पांच राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने इन राज्यों से दिल्ली में आने वाले लोगों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दिया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग की तरफ से ये फैसला लिया गया है। नया नियम 26 फरवरी अर्थात शुक्रवार आधी रात से लागू हो जाएगा और 15 मार्च तक लागू रहेगा।