Ram Rahim: डेरा सच्चा सौदा सिरसा प्रमुख राम रहीम (Ram Rahim Dera Sacha Saudha) तलवार के साथ केक काटकर एक नए विवाद में फंस गया है। गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले राम रहीम (Ram Rahim) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह तिरंगे के पैटर्न वाली बोतल का इस्तेमाल कर रहा है। राम रहीम ने जैविक सब्जी बनाने का डेमो देकर बोतल नीचे फेंक दी थी। अब इस विवाद पर डेरा प्रमुख सफाई दे रहा है।
साध्वी यौन शोषण और हत्या के तीन मामलों में 20-20 साल की सजा काट रहा राम रहीम यूपी के बरनावा आश्रम में 40 दिन की पैरोल पर है। वह हर दिन सत्संग और दैनिक कार्य के वीडियो बना रहा है। इसी कड़ी में उसने 25 जनवरी की सुबह जैविक सब्जी बनाने का वीडियो जारी किया। इस वीडियो में तिरंगे पैटर्न वाली बोतल को दिखाया गया था।
डेरा प्रमुख ने कहा- हमने रंग-बिरंगी बोतलें दिखाई थीं
विवाद के बाद राम रहीम ने कहा है कि हमने रंग-बिरंगी बोतलें दिखाई थीं। किसी भी बोतल में तिरंगा नहीं था। उनमें तिरंगा रंग था। आपसे अनुरोध है कि तिरंगा न बनाएं, अशोक चक्र न बनाएं, क्योंकि इसमें गाय का गोबर भी डाला जाता है, मिट्टी भी डाली जाती है। बोतल में तिरंगा नहीं था, केवल तीन रंग थे। हमने आपको दिखाया कि इसे ऐसे भी बनाया जा सकता है। बच्चे, तिरंगा मत बनाना। तीन रंगों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
राम रहीम ने तलवार से काटा केक
राम रहीम कुछ दिन पहले पैरोल पर रोहतक जेल से बरनावा आश्रम पहुंचा था। यहां उसने डेरा सच्चा सौदा के दूसरे संत शाह सतनाम के जन्मदिन पर तलवार से 5 केक काटे। इसी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।
राम रहीम को चार बार मिली राहत
सजा के बाद राम रहीम को चौथी बार राहत मिली है। साल 2022 में पहली बार 7 फरवरी को 21 दिन की फरलो मिली थी। इसके बाद साल 2022 में ही 17 जून 2022 को 30 दिन की पैरोल, साल 2022 में फिर अक्टूबर में 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया। अब इसी साल 21 जनवरी से वह 40 दिन के पैरोल पर जेल से बाहर आया है।