‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। इस मांग को मनवाने के लिए पार्टी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस प्रदर्शन की अगुवाई अभिजीत दीपके कर रहे हैं और उन्हें सोनम वांगचुक का भी समर्थन मिला है। वांगचुक अभी उसी जगह पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं और आज उनकी हड़ताल का 15वां दिन है। इसी बीच, अभिजीत दीपके ने एक पोस्ट में आरोप लगाया है कि गुंडे भेजकर उनके विरोध प्रदर्शन को बाधित करने की साजिश रची जा रही है।
कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सिस्टम के अंदर मौजूद हमारे कुछ सूत्रों ने हमें बताया है कि संसद तक हमारे शांतिपूर्ण मार्च से पहले, जंतर-मंतर पर हो रहे शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन में बाधा डालने के लिए बाहर से गुंडे भेजने की योजना बनाई जा रही है।”
सोनम वांगचुक की सेहत और बिगड़ गई
बता दें कि रविवार को सोनम वांगचुक की सेहत और बिगड़ गई। डॉक्टरों ने कहा कि ब्लड प्रेशर और गिर गया है और उनका वजन 7.8 किलोग्राम घट गया है। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से जारी स्वास्थ्य सूचना के मुताबिक, भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से वांगचुक का ब्लड प्रेशर गिरकर 104/66 एमएम एचजी हो गया है, जबकि उनका वजन 7.8 किलोग्राम घट गया। इसके अलावा, कॉकरोच जनता पार्टी ने बताया कि कई नेता और जाने-माने बुद्धिजीवी आंदोलन के प्रति समर्थन दिखाने के लिए दिन में विरोध स्थल का दौरा करने वाले हैं।
केरल के पूर्व मंत्री के.के. शैलजा, के. एन. बालगोपाल और पी. राजीव प्रदर्शनकारियों से बातचीत करेंगे, जबकि समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज रविवार को सभा को संबोधित करेंगे। कॉकरोच जनता पार्टी ने बताया कि दिन के कार्यक्रम का समापन बेरोजगारी का अर्थशास्त्र विषय पर अर्थशास्त्री जयति घोष के सार्वजनिक व्याख्यान के साथ होगा।
वांगचुक ने दूसरों में नायक न खोजने की अपील की थी
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन से जुड़े आइसा के सदस्यों नेहा, मनीष, दीपक कुमार वर्मा और आमीन ने विरोध स्थल पर एक अलग मंच पर अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी। वांगचुक ने शनिवार को लोगों से दूसरों में नायक न खोजने की अपील की थी और कहा था कि वह सिर्फ एक आम नागरिक हैं, न कि आधुनिक गांधी या कोई नायक।
उन्होंने एक्स पर वीडियो डालकर कहा था, ”कृपया किसी और में नायक न ढूंढें। अपनी जिंदगी के नायक खुद बनें। एक नागरिक के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।” उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च में शामिल होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को एकजुट होकर सांसदों से परीक्षा में कथित गड़बड़ियों से जुड़े मुद्दों पर गौर करने के लिए कहना चाहिए। कॉकरोच जनता पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के कारण आत्महत्या करने वाले विद्यार्थियों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग कर रही है।
यह भी पढ़ें: ‘सोनम सर के अलावा सब आ रहे और खा रहे…’, CJP मीडिया टीम और अभिजीत दीपके के बीच तीखी नोकझोंक, वीडियो वायरल
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली के जंतर मंतर पर पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल भी शनिवार को 14वें दिन में प्रवेश कर गई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर अभिजीत दीपके के कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह कुछ महिलाओं से बहस करते दिखे। बहस के दौरान महिलाएं उन्हें करारा जवाब देती दिखी हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
