पश्चिम बंगाल की क्षेत्रीय पार्टी टीएमसी में राजनीतिक उथल-पुथल को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि उनका मुख्य काम शिकारियों को पकड़ना और जंगलों में हो रहे अवैध शिकार को रोकना है न कि खुद शिकारी बनना और दिन भर शिकारियों की तरह दूसरे पार्टी के नेताओं को तोड़ना।

भूपेंद्र यादव पर कांग्रेस का यह हमला ऐसे समय पर हुआ है जब खबरें आई कि पर्यावरण मंत्री और भाजपा के पश्चिम बंगाल चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव से टीएमसी के एक दर्जन बागी सांसदों ने मुलाकात की। यह मुलाकात भूपेंद्र यादव के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर हुई।

मंत्री ने पूरा दिन अवैध शिकार करने में बिताया- जयराम रमेश

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “पश्चिम बंगाल में चुनाव का काम देखने वाले केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु मंत्री ने अपना पूरा दिन अवैध शिकार करने में बिता दिया।” जयराम रमेश ने तंज कसते हुए कहा, “वैसे तो इन मंत्रालय के मंत्री का काम अवैध शिकारियों को पकड़ना और अवैध शिकार को रोकना है, न कि खुद ऐसा करना।”

सोमवार को टीएमसी के भीतर चल रही बगावत ने जोर तब पकड़ा, जब बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी ने राज्यसभा के वरिष्ठ सांसद सुखेंदु शेखर राय के पार्टी और राज्य सभा से इस्तीफे को आधिकारिक नेतृत्व के खिलाफ बढ़ते असंतोष का संकेत बताया।

ममता इंडिया गठबंधन की बैठक में हुई शामिल

जहां एक तरफ टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी, राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और कई वरिष्ठ सांसद INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक में शामिल हुए, वहीं दूसरी ओर ऐसी खबरें आईं कि टीएमसी के करीबन एक दर्जन बागी सांसद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर जमा हुए।

20 सांसदों ने दिया एनडीए को समर्थन

सुखेंदु शेखर राय भी उन सांसदों में शामिल रहे, जिन्होंने भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। इसके बाद कई लोग इस बात का संकेत मान रहे हैं कि पार्टी के विधायकों की बगावत अब संसद तक पहुँच गई है। साथ ही टीएमसी का संकट तब और गहरा गया, जब चीफ व्हिप काकोली घोष दस्तीदार की अगुवाई में 20 लोकसभा सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर BJP के नेतृत्व वाले NDA को समर्थन देने का फैसला किया।

इससे पहले ममता बनर्जी को झटका तब लगा था जब हाल ही में पार्टी के 80 में से 58 विधायकों ने वरिष्ठ नेता सोवनदेब चट्टोपाध्याय को विपक्ष नेता बनाने के लिए पार्टी आलाकमान के फैसले का विरोध किया और फिर पार्टी से निकाले गए ऋतब्रत बनर्जी को अपना नेता प्रतिपक्ष चुन लिया।

यह भी पढ़ें: ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट: पर्यावरण मंजूरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने उठाए थे सवाल, मंत्री भूपेंद्र यादव ने खारिज किए आरोप

ग्रेट निकोबार परियोजना के मुद्दे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठाए थे, जिसका अब केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आक्रामक जवाब दिया है। उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि ग्रेट निकोबार द्वीप समूह (जीएनआई) परियोजना को दी गई वैधानिक पर्यावरण मंजूरी सभी आधारभूत आंकड़ों पर आधारित अध्ययनों पर आधारित थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें