पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दक्षिण में टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी पर शनिवार शाम भीड़ ने मारपीट की। इसे लेकर कांग्रेस और सपा ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। दोनों पार्टियों ने इसे भाजपा का नफरत की राजनीति बताई।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभिषेक बनर्जी पर हुए इस हमले को लेकर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि यह हमला एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि लोकतंत्र पर है।
यह भाजपा की बदले की राजनीति का घिनौना रूप- राहुल गांधी
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुआ हमला बेहद निंदनीय है। एक सांसद पर हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, यह उस जनता पर है जिसने उन्हें चुना और उस लोकतंत्र पर है जो हम सबकी साझी विरासत है। यह भाजपा की बदले की राजनीति का घिनौना रूप है। राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण नहीं बन सकते।”
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने लिखा, “एक प्रमुख विपक्षी नेता को जान-बूझकर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न देना, BJP की बदले की राजनीति और उत्पीड़न की मानसिकता को साफ तौर पर उजागर करता है।”
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा,”पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में, चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए AITC सांसद पर हुआ चौंकाने वाला हमला बेहद निंदनीय है और यह भाजपा की नफरत और हिंसा की राजनीति का एक साफ उदाहरण है।”
कांग्रेस ने लगाया आरोप
आगे उन्होंने आरोप लगाते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल पुलिस की गैर-मौजूदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि सुरक्षा जान-बूझकर हटाई गई थी, जबकि सुरक्षा हमेशा सुनिश्चित की जानी चाहिए। विपक्षी नेताओं को अपना जनसंपर्क अभियान आज़ादी से चलाने की अनुमति मिलनी चाहिए, और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में हिंसा का सहारा कभी नहीं लिया जाना चाहिए।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने भी हमले की निंदा की
इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने भी भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने भी इसे भाजपा की बदले की राजनीति बताया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं, वे राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने गए थे।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा, “पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र सरकार को सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और ऐसे हमलों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। राजनीतिक मतभेद किसी भी प्रकार की हिंसा को कभी भी सही नहीं ठहरा सकते।”
आगे लिखा, “केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार दोनों दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करें, और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जन-प्रतिनिधि, किसी भी दल का हो, अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित न रहे। अभिषेक जी, मेरी संवेदनाएँ आपके और आपके परिवार के साथ हैं। आप जल्द स्वस्थ हों।”
अखिलेश ने भी भाजपा को घेरा
इधर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस हमले की निंदा की और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के अहम नेता अभिषेक बनर्जी के ऊपर जानलेवा हमला करवाकर बंगाल की अराजक भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि भाजपा नफरत भरी नकारात्मक हिंसक राजनीति के सिवा और कुछ नहीं कर सकती है। इतने संवेदनशील वातावरण में भी पुलिस की व्यवस्था न होना एक बड़ी साज़िश की ओर इशारा करती है।
अभिषेक बनर्जी क्यों गए थे वहां?
अभिषेक बनर्जी सोनारपुर दक्षिण में चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। लोगों ने उन पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके और उनके कपड़े फाड़ दिए। ममता बनर्जी के भतीजे ने इस घटना को लेकर कहा कि वे मुझे जान से मारना चाहते हैं। हेलमेट की वजह से मैं बच गया। ऐसे हमलों से हम डरेंगे नहीं। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है।
भाजपा ने बताया इसे लोगों का गुस्सा
इस पर भाजपा ने प्रतिक्रिया दी और इस हमले को लोगों का टीएमसी के प्रति गुस्सा बताया। भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने मामले में कहा, “अभिषेक बनर्जी को इस बात पर विचार करना चाहिए कि बंगाल की जनता के मन में TMC नेताओं के प्रति कितनी नफरत है। भविष्य में ये लोग कहीं भी आ-जा नहीं पाएंगे। इन्होंने जनता को बहुत परेशान किया है। हम नहीं चाहते कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथों में ले।”
यह भी पढ़ें: ‘शासक ही हत्यारे बन गए…’, भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर ममता बनर्जी का रिएक्शन
पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ। वे चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने वहां गए थे। हमले को लेकर अब बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी है। पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “शासक हत्यारे बन गए। भाजपा पर शर्म आती है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
