कांग्रेस ने ऐलान किया है कि वह पेपर लीक, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के मुद्दे पर देशभर में बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में वह इन तमाम मुद्दों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की घेराबंदी करेगी।

कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, बेरोजगारी और मोदी सरकार द्वारा भारत के युवाओं के साथ किए जा रहे सुनियोजित विश्वासघात के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान के पहले चरण की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि छात्र, परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा, युवा संगठन, शिक्षक और परीक्षा घोटालों से प्रभावित लोग अभियान में शामिल होंगे।

कोटा से होगी अभियान की शुरुआत

वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी 17 जून को कोटा से इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह 10 जुलाई को प्रयागराज (इलाहाबाद), 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम कर केंद्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाएंगे।

कांग्रेस ने आठ जून को अपने महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक में फैसला किया था कि नीट मामले को लेकर, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा।

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगेगी पार्टी

वेणुगोपाल ने बताया कि इस अभियान के जरिये NEET के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क खत्म करने, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उन लाखों युवा भारतीयों की मुश्किलों को सामने लाया जाएगा जिनका भविष्य पेपर लीक, परीक्षा की बढ़ती लागत और निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती और शिक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता के कारण बार-बार खतरे में पड़ रहा है।

वेणुगोपाल ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पार्टी देश भर में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और स्थानीय इकाइयों के माध्यम से बड़े पैमाने पर छात्रों तक पहुंचने और उन्हें एकजुट करने के राहुल गांधी के आह्वान को आगे बढ़ाएगी।

वेणुगोपाल ने कहा,” लोगों के बीच मौजूदगी और डिजिटल माध्यम, कैंपस में संपर्क, कोचिंग सेंटरों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और युवा केंद्रों पर बातचीत, सोशल मीडिया अभियान, लाइव स्क्रीनिंग और छात्रों के साथ सीधे संवाद जैसे कार्यक्रम बड़े पैमाने पर किए जाएंगे।”

आखिर ये ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ क्या है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक शब्द का इस्तेमाल किया- “हिंदू ग्रोथ रेट”। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।