देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 29 रुपये महंगा कर दिया गया है। ये नई दरें रविवार रात से लागू कर दी गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 14.2 किलो वाला एलपीजी गैस सिलेंडर 942 रुपये में आम उपभोक्ताओं को मिलेगा, जो पहले 913 रुपये में मिलता था। इसे लेकर अब विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर हो गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर दाम बढ़ने को लेकर सरकार से सवाल किए। उन्होंने एक्स पर लिखा, “घरेलू LPG दामों में आग की लपटें आम जनता की रसोई को भस्म करने पर तुली हुई है। मोदी सरकार ने पिछले 4 महीनों में घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में ₹89 की बढ़ोतरी की है।” उन्होंने भाजपा सरकार से तीन सवाल भी पूछे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पूछे तीन सवाल

मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहला सवाल पूछते हुए कहा कि संसद ने मोदी जी ने बड़े-बड़े दावे किए थे। उन्होंने पहला सवाल पूछा, “संसद में मोदी जी ने लंबी-चौड़े दावे किए थे कि वे पश्चिम एशिया युद्ध के चलते 41 देशों से ईंधन विविधीकरण (Fuel Diversification) कर रहे हैं। उसका क्या हुआ? ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी LPG की किल्लत क्यों है?

दूसरा सवाल- 2025-26 में उज्ज्वला योजना में 5.56 करोड़ परिवारों ने केवल एक या एक भी रिफिल नहीं करवाया। इनमें से 3.30 करोड़ ने तो एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं लिया। ये तो पश्चिम एशिया संकट के पहले की बात है। क्या ये मोदी सरकार की लूट का नतीजा नहीं है?

तीसरा सवाल- मोदी जी और भाजपा नेता UPA के दौरान महँगाई का शोर मचाते थे। क्या ये सच नहीं है कि मोदी सरकार ने 12 सालों में घरेलू LPG के दामों में ₹530 की बढ़ोतरी की? अब भाजपा के नेता सड़कों पर सिलेंडर लेकर क्यों नहीं बैठ रहे हैं?”

अखिलेश ने भी बोला हमला

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सरकार पर हमला करते हुए शायरी भरे अंदाज में कहा, रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, भाजपा से अब तो, हर आस गई टूट।

मुनाफा कमाने के बावजूद क्यों बढ़ रहे बार-बार एलपीजी के दाम- मनीष तिवारी

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दाम बढ़ने पर सरकार पर हमला किया और केंद्र सरकार से सवाल किया। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि सरकारी तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) द्वारा पर्याप्त मुनाफा कमाने के बावजूद एलपीजी की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी की जा रही है।

एक्स पर एक पोस्ट में मनीष तिवारी ने समाचार लेख शेयर किया और आरोप लगाया कि तीनों सरकारी ओएमसी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 77,280.65 करोड़ रुपये का लाभ कमाया है, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 130 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।

मनीष तिवारी ने अपने पोस्ट में कहा, जब तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं, तब एलपीजी की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी क्यों? ओएमसी ने 2025-26 में भारी मुनाफा कमाया, तीनों कंपनियों ने 77,280.65 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है, जो पिछले वित्त वर्ष से 130 प्रतिशत अधिक है।

यह भी पढ़ें: ‘मोदी जी की चाल है गरीबों को धीरे-धीरे जहर देकर मारने की’, खड़गे का महंगाई को लेकर केंद्र पर हमला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि सभी वर्गों के लोग मोदी सरकार से बहुत नाराज हैं क्योंकि वे जानते हैं कि सरकार गरीबों की समस्याओं का समाधान करने में असमर्थ है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें