Congress Attacked Modi Govt: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात हुई। पीएम मोदी और भारत की तरफ से यह कहा गया है कि अगले 5 वर्षों में भारत अमेरिका से 500 बिलियन डॉलर का सामान खरीदेगा। इस ऐलान को लेकर ही मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए और कहा कि पीएम मोदी ट्रंप को खुश करने के प्रयास कर रहे हैं।
दरअसल, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा कि सरकार ने अमेरिका के साथ उस व्यापार समझौते को रद्द करने का साहस क्यों नहीं दिखाया, जिसे उन्होंने जनविरोधी और खतरनाक बताया, जबकि मलेशिया जैसे देशों ने ऐसा किया था। जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी अपने अच्छे मित्र और अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के प्रयास कर रहे हैं।
अमेरिका से आयात क्यों स्वीकार? – जयराम रमेश
इसके साथ ही जयराम रमेश ने यह सवाल भी उठाया कि मोदी सरकार ने अमेरिका से आयात स्वीकार करने पर सहमति क्यों जताई, जबकि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से नागरिकों से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए घरेलू ईंधन की खपत और विदेश यात्रा में कटौती करने का आग्रह किया था। उन्होंने पूछा कि क्या आयात में इस वृद्धि से रुपये का मूल्य और कम नहीं हो जाएगा।
जयराम रमेश ने एक्स पर एक बयान में कहा, “10 मई, 2025 को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सबसे पहले युद्धविराम की घोषणा की थी, जिससे ऑपरेशन सिंदूर अप्रत्याशित रूप से रुक गया। उन्होंने दावा किया था कि राष्ट्रपति ट्रंप के हस्तक्षेप से ही युद्धविराम संभव हो पाया।”
किन मुद्दों को लेकर पूछे सवाल?
जयराम रमेश ने कहा कि 21 मई, 2026 को रबियो ने एक बार फिर सबसे पहले घोषणा की कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे, और यह तब हुआ जब भारत और वेनेजुएला ने इस यात्रा के बारे में कोई संकेत भी नहीं दिया था या इसकी पुष्टि भी नहीं की थी।
जयराम रमेश ने कहा, ” मार्को रुबियो ने X पर एक बयान देकर देश को एक बार फिर चौंका दिया है कि मोदी सरकार ने अगले पांच वर्षों में ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और कृषि पर ध्यान केंद्रित करते हुए 500 अरब अमेरिकी डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है।”
मार्को रुबियो ने क्या कहा?
अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर एक पोस्ट में मार्को रुबियो ने लिखा, “भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और हमारे अमेरिकी राजनयिकों के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। उनके शानदार काम की बदौलत, भारत ने अगले पांच वर्षों में ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और कृषि पर ध्यान केंद्रित करते हुए 500 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है। वे राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी जनता की ओर से बेहतरीन काम कर रहे हैं।”
जयराम रमेश ने दावा किया कि वित्त वर्ष 2026 तक भारत का मौजूदा वार्षिक आयात 52.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर था, और रूबियो के बयान से यह संकेत मिलता है कि भारत को अमेरिका से अपने वार्षिक आयात को दोगुना करना होगा।
‘अमेरिका में भी मूर्ख लोग हैं’, भारत में USA के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्यों कही ये बात?
भारत दौरे पर आए अमेरिका विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि हर देश में कुछ मूर्ख होते हैं और अमेरिका में भी कुछ मूर्ख हैं। उनके इस बयान को लेकर सवाल उठे कि आखिर उन्होंने अपने देश के लिए यह बात क्यों कही? इसको लेकर बता दें कि उनसे नस्लीय टिप्पणियों और सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजियों पर सवाल पूछा गया था। पढ़िए पूरी खबर…
